
Indore News : मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर के देवी अहिल्या बाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से इसी महीने शुरू हुई एयर इंडिया एक्सप्रेस की इंदौर से अबू धाबी के लिए सीधी उड़ान ने यात्रियों के साथ - साथ एयर कार्गो कारोबार को भी नई रफ्तार दे दी है। इस उड़ान से पहली बार 2725 किलोग्राम ताजी हरी मिर्च और बेबी पोटेटो की खेप अबूधाबी रवाना की गई है। करीब तीन घंटे में यह खेप अपने गंतव्य तक पहुंच गई, जिससे मध्य प्रदेश के ताजे कृषि उत्पादों को खाड़ी देशों के बाजार तक तेज और सीधी पहुंच मिलने लगी है।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, ये निर्यात नियमित इंदौर - अबू धाबी उड़ान के बेली कार्गो के माध्यम से किया गया है। अब स्थानीय किसानों, व्यापारियों और निर्यातकों को अपनी उपज विदेशों तक भेजने के लिए दिल्ली या मुंबई जैसे बड़े एयर कार्गो हब पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे परिवहन लागत और समय दोनों की बचत होगी, वहीं ताजी सब्जियां कम समय में विदेशी बाजार तक पहुंच सकेंगी।
इस बार गुजरात की एक एक्सपोर्ट कंपनी की ओर से दुबई के बाजारों के लिए ये खेप रवाना की गई है। एयरपोर्ट के पीआरओ रामस्वरूप यादव ने बताया कि, पहले भी खाड़ी देशों के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के दौरान इंदौर से भिंडी, हरी मिर्च समेत कई ताजी सब्जियों का निर्यात किया जाता रहा है। अब अबू धाबी सेवा शुरू होने से एयर कार्गो कारोबार मे बढ़ोतरी होगी। अब सीधे तौर पर सेवा इंदौर से मिल गई है।
फिलहाल यह उड़ान सह्रश्वताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार संचालित हो रही है। यह उड़ान दो तरफा व्यापार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण साबित हो रही है। एक ओर इंदौर से ताजी सब्जियां और अन्य कृषि उत्पाद अबू धाबी भेजे जा रहे हैं, वहीं वापसी में विमान के बेली कार्गो के जरिए ड्राय फ्रूट्स सहित अन्य आयातित सामान इंदौर लाया जा रहा है। निर्यातकों को उम्मीद है कि आने वाले समय में सब्जियों के साथ फल, मसाले और अन्य कृषि उत्पादों का निर्यात भी बढ़ेगा। इससे न केवल एयर कार्गो कारोबार को नई गति मिलेगी, बल्कि इंदौर मध्य भारत के उभरते एयर कार्गो हब के रूप में भी अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा।