इंदौर

Indore BJP : और कमजोर हो गए बीजेपी के बड़े नेता, पार्टी में बना नया पॉवर सेंटर

Indore BJP : प्रदेश महामंत्री के साथ विधायकों की भोपाल यात्रा चर्चा में, विरोधियों का गुट कर रहा सियासत का पॉवर सेंटर बनने की तैयारी, गुटबाजी हावी
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 9:29 AM IST
कैलाश विजयवर्गीय (Photo Source: एक्स हैंडल @KailashOnline)
कैलाश विजयवर्गीय (Photo Source: एक्स हैंडल @KailashOnline)

Indore BJP : इंदौर शहर की राजनीति में छाए रहने वाले ताई-भाई के गुट के बाद अब नया गुट उभर रहा है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विरोधी माने जाने वाले नेताओं का यह गुट पिछले कुछ समय से सक्रिय हुआ है। हाल ही में इनकी भोपाल यात्रा के दौरान वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात चर्चा का विषय है। ताई यानी लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन सक्रिय राजनीति से दूर हैं, इसलिए उनका गुट भी अब नजर नहीं आ रहा है। दशकों तक अपनी ताकत दिखाने वाले कैलाश विजयवर्गीय की सत्ता पक्ष से पटरी नहीं बैठने की अटकलों के बीच उनके गुट को भी कमजोर माना जाने लगा है। पहली बार हुआ कि भाजपा में गुटबाजी अब खुलकर सामने आने लगी है।

पिछले दिनों मंत्री विजयवर्गीय की विधानसभा में पूर्व पार्षद के आयोजन में लगे जमावड़े ने इसे हवा दी। इस आयोजन में कैलाश विजयवर्गीय नहीं थे, लेकिन स्थानीय राजनीति में उनसे पटरी नहीं बैठने के कारण विरोधी कहे जाने वाले नेता जरूर जमा हुए थे। इस क्षेत्र में पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता फिर सक्रिय हो गए हैं। नवरात्र में चुनरी यात्रा निकालकर वे शक्ति प्रदर्शन कर चुके हैं। पूर्व पार्षद के आयोजन में गुप्ता के साथ भाजपा के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, विधायक मनोज पटेल, मालिनी गौड़ ​सहित हर ऐसे नेता मौजूद थे, जिनकी मंत्री गुट से पटरी नहीं बैठने की चर्चा होती है।

एकजुटता प्रदर्शित की

मंत्री के विरोधी माने जाने वालेे भाजपा के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे के साथ विधायक मनोज पटेल, मालिनी गौड़, सावन सोनकर, एकलव्यसिंह गौड़ की गुरुवार को भोपाल यात्रा ने विरोधी गुट के पॉवर सेंटर बनने के प्रयास को हवा दी है। ये लोग पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार में हुई गमी के आयोजन में शामिल होने गए थे, लेकिन प्रदेश के मुखिया के साथ वरिष्ठों से मुलाकात कर एकजुटता प्रदर्शित की।

सियासत का नया पॉवर सेंटर बना

सोशल मीडिया पर वायरल हुई मुलाकात की तस्वीरों ने नए गुट के सक्रिय होकर ताकत दिखाने की बात को हवा दी है। खुलकर कोई कुछ नहीं बोल रहा, लेकिन एकजुटता शहर के साथ भाजपा में भी चर्चा का विषय है। राजनैतिक हल्कोें में खुलकर कहा जाने लगा है कि इंदौर की सियासत का नया पॉवर सेंटर बन रहा है।

Updated on:
14 Nov 2026, 9:29 AM IST
Published on: