
Indore news: भाजपा महिला मोर्चा की नई टीम का इंतजार अब खत्म होने वाला है। टीम तैयार हो चुकी है और अध्यक्ष श्रेष्ठा जोशी कभी भी घोषणा कर सकती हैं। चार नंबर विधानसभा को महामंत्री पद देकर वह विधायक मालिनी गौड़ का कर्ज चुकाएंगी तो एक नंबर से सबसे ज्यादा पदाधिकारी लेकर मंत्री को साधने की कोशिश करेंगी। देखा जाए तो महिला मोर्चा की टीम में पदों का बंटवारा संगठन से ज्यादा सियासी संतुलन रहेगा। संगठन महामंत्री चंद्रशेखर की सख्ती के चलते भाजपा में संगठनात्मक नियुक्तियां तेज हो गई हैं।
इंदौर में भाजयुमो को छोड़ सभी मोर्चा में अध्यक्ष की घोषणा हो गई है तो अधिकांश ने अपनी टीम भी गठित कर दी है। महिला मोर्चा बाकी थी जिसकी जल्द ही नियुक्ति होने वाली है। नगर अध्यक्ष श्रेष्ठा जोशी ने खाका तैयार कर लिया है और वह किसी भी समय घोषणा कर सकती हैं। हालांकि उससे पहले नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा से उन्हें अनुमति लेना होगी जो अब तक नहीं ली गई। बताया जा रहा है कि जो नाम निकाले गए हैं उस हिसाब से टीम में क्षेत्रीय और सामाजिक के बजाय सियासी संतुलन ज्यादा होगा। अध्यक्ष बनने में विधायक मालिनी गौड़ ने अहम भूमिका निभाई थी जिसका जोशी कर्ज चुकाने जा रही है। वह चार नंबर विधानसभा की रेखा शर्मा को महामंत्री बना सकती है जो कि विधायक की कट्टर समर्थक हैं। शर्मा के अलावा वहां से वीणा मांधनिया, अनिता पाल और युक्ता शर्मा को लिया जा सकता है।
इंदौर भाजपा में दो धड़ों के बीच तनातनी चल रही है। एक धड़ा विधायक गौड़ और उनसे जुड़े नेताओं का है तो दूसरा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का है। गौड़ को महामंत्री पद देकर संतुष्ट किया जाएगा तो मंत्री विजयवर्गीय को भी साधने का प्रयास है। एक नंबर विधानसभा से सबसे ज्यादा पदाधिकारी बनाए जाएंगे। इसमें शीला गुप्ता, सुनीता जयपाल, सुनीता भालसे, नीलम दुबे और लीना बाहेती का नाम सामने आ रहा है। सबसे ज्यादा ठगा महसूस विधायक रमेश मेंदोला कर सकते हैं। उनके यहां से सिर्फ आभा जानी और श्रेया उपसनी का नाम सामने आ रहा है। इधर, तीन नंबर से किसी को नहीं लिया जाएगा, क्योंकि वहां से जोशी और महामंत्री माधुरी जायसवाल खुद आती है।
पांच और राऊ में पसंद के नाम
विधायक महेंद्र हार्डिया की पांच नंबर विधानसभा से अधिकांश नाम अध्यक्ष जोशी की पसंद के ही होंगे। नई टीम में विनीता कुमार, नारायणी बरेठा, सुनीता पाठक, मीनू शर्मा और अश्मिता ठाकुर का नाम आ सकता है तो राऊ से जूली, सोनकिया केजरीवाल और अनुजा पंडित का नाम सामने आ रहा है। ये नाम विधायक मधु वर्मा ने दिए हैं जो पहले ही जोशी के संपर्क में हैं। इधर, सांवेर से उमा राजपूत और देपालपुर से रचना रघुवंशी का नाम भी पदाधिकारी बनने की फेहरिस्त में सामने आ रहा है।
पुरानी कार्यकर्ताओं का इनकार
भाजपा में जहां पदों की बंदरबाट चल रही है और कार्यकर्ता जिम्मेदारी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में कई कार्यकर्ताओं ने महिला मोर्चा में काम करने से इनकार कर दिया है। ये बात उन्होंने पार्टी के कई जिम्मेदारों से जाकर कही। उन्होंने तो यहां तक बोल दिया था कि हमको बनाया जाता है तो हम इस्तीफा दे देंगी। बताया जाता है कि जोशी से उनकी पटरी नहीं बैठती है।