इंदौर

इंदौर में हैवान बने ससुराल वाले, पैसे लाने का दबाव बनाता था पति, बहू को मार डाला

Woman Murder Case: दहेज प्रताड़ना के चलते नवविवाहिता को प्रताड़ित करके जान ले ली। पति दीपक बिजोरे सहित सास, देवर और ननद को गिरफ्तार कर लिया गया है।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 3:40 PM IST
कमरे में बैठी नवविवाहिता प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)
कमरे में बैठी नवविवाहिता प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)

Indore news: मध्यप्रदेश में इंदौर शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में दहेज प्रताडऩा के चलते एक नवविवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद ससुरालवालों ने परिजनों और अस्पताल में कहानी बताई कि वह घर में बेहोशी की हालत में मिली थी। शरीर पर चोट के निशान नहीं होने से शुरुआत में मामला संदिग्ध बना रहा, लेकिन पोस्टमार्टम में महिला की सांस रोककर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने जांच का रुख बदला और पति सहित ससुराल के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

बाणगंगा पुलिस के अनुसार शीतल नगर निवासी सरिता पति दीपक बिजोरे (38) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। ससुराल पक्ष ने बताया था कि सरिता घर में बेहोश मिली थी। हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शरीर पर बाहर से चोट के निशान भी नहीं दिखाई दे रहे थे। मामला नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का होने से पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।

पति समेत चार को बनाया आरोपी

पुलिस ने मामले में पति दीपक पिता नारायण बिजोरे, सास प्रेमलता, देवर जितेंद्र बिजोरे निवासी शीतल नगर और ननद रंजना अहिरवार पति महेंद्र अहिरवार, निवासी शीतल नगर के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मायके से पैसे लाने को कहता था पति

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि महिला का मुंह दबाकर उसकी सांस रोकी गई थी, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई। इसके बाद पुलिस ने मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से दोबारा पूछताछ की। जांच में पता चला कि मृतका का पति दीपक कंम्प्यूटर ऑपरेटर है और वह पत्नी पर मायके से रुपए लाने का दबाव बनाता था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। घटना के समय भी उसके साथ में मारपीट हुई और आरोपी ससुराल वालों ने मिलकर उसे मार दिया। जब वह मर गई तो अस्पताल ले जाकर कहानी बना दी। पुलिस को दहेज प्रताडऩा और हत्या से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

Updated on:
27 Nov 2026, 3:40 PM IST
Published on: