
Indore news: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में 25 सितंबर से परिवहन विभाग की कंपनी एआइसीटीएसएल 40 इंटरसिटी बसें शुरू करने जा रही है। सभी बसें नारंगी रंग की होगी और कंपनी की देखरेख में परिवहन होगा। 23 रूट पर नई इंटरसिटी बसें चलाने के लिए ऑपरेटर तय हो चुके हैं। ऑपरेटर की बसें कंपनी से जुड़ेगी। एआइसीटीएसएल के कार्यकारी निदेशक अर्थ जैन के मुताबिक, कंपनी से अनुबंधित सभी बसें नारंगी रंग में करने का काम चल रहा है। जानकारी के लिए बता दें कि लोक परिवहन समिट में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 25 सितंबर से इंदौर में बसें शुरू करने की बात की थी।
अभी एआइसीटीएसएल की कुछ इंटरसिटी बसें चल रही है। सबसे ज्यादा बसें इंदौर से भोपाल के बीच है। नए अनुबंध के इंदौर से अनूपपुर, इंदौर से ग्वालियर, रीवा, बीना, नरसिंहपुर के साथ ही खंडवा से शाजापुर, बड़वानी से शाजापुर, बुरहानपुर से रतलाम, खरगोन से नीमच, बडवानी से आगर मालवा, खरगोन से नीमच आदि शहरों के लिए बसें शुरू होगी। बसों पर एआइसीटीएसएल का लोगो रहेगा। कंट्रोल रूम व अन्य तरह की निगरानी एआइसीटीएसएल करेगा। तय फॉर्मेट में कंपनी से अनुबंध के तहत बस चलाने पर ऑपरेटर को प्रीमियम राशि का भुगतान कंपनी को करना होगा।
जानकारी के लिए बता दें कि शहर में अभी करीब 300 सिटी बसों का संचालन हो रहा है जबकि कई रूट पर नई बसों की मांग की जा रही है। पीएम ई बस सेवा के तहत नई बसें मिलने वाली है जो भी शहर के लोक परिवहन को मजबूत करेंगी। इंटरसिटी में भी इलेक्ट्रिक बसें बढ़ाई जा रही हैं। इंदौर से भोपाल 8, इंदौर से उज्जैन 6. इंदौर से खंडवा व खरगोन 4-4, इंदौर से मांडव व सेंधवा के बीच भी 2-2 ई-बसें चलाई जाएंगी।
शुरुआत: 25 सितंबर 2026 (पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर)
घोषणा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 'यात्री परिवहन विज़ समिट 2026' में की गई।
सुविधाएं: यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए जीपीएस (GPS), सीसीटीवी (CCTV) कैमरे, पैनिक बटन और लाइव लोकेशन ट्रैकिंग
ये रहेगा लक्ष्य: साल 2030 तक मध्य प्रदेश के 75% गांवों को बस सेवा से जोड़ने का बड़ा लक्ष्य