
Health news: कम उम्र में बाल झडऩे की समस्या अब युवाओं को तेजी से परेशान कर रही है। 15 से 25 साल की उम्र में ही बाल पतले होने, हेयरलाइन पीछे जाने और गंजेपन की चिंता बढ़ रही है। पहले जहां इस उम्र में बाल झडऩे की समस्या कम देखने को मिलती थी, वहीं अब स्कूल और कॉलेज जाने वाले युवा भी इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इंदौर शहर के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित कोठारी के अनुसार पिछले चार साल में बाल झडऩे की समस्या में करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। कोविड के बाद यह परेशानी ज्यादा देखने को मिली है। उनके मुताबिक ओपीडी में आने वाले मरीजों में करीब 30 से 40 प्रतिशत बाल झडऩे की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
डॉ. कोठारी के अनुसार बाल झडऩे के पीछे आनुवंशिक कारण और हार्मोनल बदलाव की भूमिका रहती है, लेकिन युवाओं की बदली जीवनशैली भी समस्या बढ़ा रही है। देर रात तक जागना, पर्याप्त नींद नहीं लेना, अनियमित खान-पान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और तनाव बालों की सेहत को प्रभावित कर रहे हैं। संतुलित आहार नहीं मिलने से शरीर में आयरन, विटामिन बी12 और विटामिन डी जैसे पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। इसके अलावा थायराइड की समस्या और डेंगू, टाइफाइड सहित अन्य वायरल संक्रमणों के बाद भी बाल तेजी से झड़ सकते हैं।
डॉ. कोठारी के अनुसार हाल ही में आठ साल की एक बच्ची को परिजन बाल झडऩे की शिकायत लेकर उनके पास पहुंचे थे। जांच में पोषण की कमी को समस्या का प्रमुख कारण पाया गया। उनके मुताबिक, पांच साल की उम्र के बच्चों में भी असमय सफेद बाल देखने को मिले हैं। बच्चों में संतुलित आहार की कमी इस तरह की समस्याओं का एक कारण हो सकती है। वहीं युवाओं में जिम के दौरान बिना विशेषज्ञ की सलाह के सप्लीमेंट और स्टेरॉयड का इस्तेमाल भी चिंता का विषय है।