
Indore news:मध्यप्रदेश में इंदौर विकास प्राधिकरण (आइडीए) में जल्द ही राजनीतिक बोर्ड काबिज होने वाला है, किसी भी दिन घोषणा हो जाएगी। अध्यक्ष के साथ दो उपाध्यक्ष व पांच संचालक भी प्रकट होंगे। नाम लगभ तय हो गए हैं सिर्फ अध्यक्ष को लेकर मंथन अंतिम दौर में चल रहा है। दावेदार तो ठीक उनके आकाओं ने पूरी ताकत लगा रखी है ताकि समर्थक के जरिए वे अपना वर्चस्व स्थापित कर सकें। ये जरूर है कि आइडीए में जमीनी कार्यकर्ताओं को काम करने का मौका मिलेगा। कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विशेष रुचि के चलते जहां विवाद नहीं थे उन प्राधिकरणों के साथ निगम और मंडलों में कार्यकर्ताओं की नियुक्ति कर दी थी। उसमें इंदौर खाली हाथ रहा जहां से किसी भी नेता को कोई पद नहीं मिला, लेकिन अब जल्द ही बहार आने वाली है।
प्रदेश सरकार के बचे हुए निगम मंडल, आयोग और प्राधिकरणों की जल्द ही घोषणा होने वाली है। कुछ महीनों से ये गुत्थी संगठन महामंत्री की नियुक्ति और बाद में जब चंद्रशेखर तिवारी आ गए तो उनकी राय के इंतजार में अटकी हुई थी। सूत्रों के मुताबिक चंद्रशेखर ने काम संभालने के बाद पहले तो सारा माजरा भांपा। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि संगठन की नियुक्तियों के साथ में अब निगम मंडल और प्राधिकरणों में भी नियुक्ति की जाए। सहमति नहीं तो बनने पर तुरंत घोषणा करें। उपकृत होने वाले कार्यकर्ताओं के नामों को लेकर जब मंथन हुआ तो पूर्व में तय नामों की घोषणा करने का भी बोल दिया। इसके साथ अब नियुक्तियों का रास्ता भी साफ हो गया है। माना जा रहा है कि किसी भी दिन सूची प्रकट हो जाएगी।
अध्यक्ष के दावेदारों की फेहरिस्त में सुदर्शन गुप्ता का नाम सबसे आगे है जिन पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का आशीर्वाद है। चुनरी यात्रा के बहाने उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी साधने का प्रयास किया। वहीं मंत्री विजयवर्गीय अपने खास हरिनारायण यादव के लिए अड़े हुए हैं तो उनके अलावा कमलेश शर्मा, जीतू जिराती और मुकेश राजावत का नाम भी मजबूती से है। इधर अध्यक्ष के अलावा उपाध्यक्ष और संचालक के लिए भी कई नेता लगे हुए है जो सत्ता और संगठन के बड़े नेताओं से मिलकर अपने दांवेदारी पेश कर रहे हैं।
उपाध्यक्ष व संचालक मंडल का गणित अध्यक्ष के फैसले पर टिका हुआ है। राजावत की लॉटरी नहीं लगी तो उन्हें उपाध्यक्ष पद पर संतोष करना पड़ेगा और मंत्री के खास यादव नहीं बने तो उनकी पसंद से टीनू जैन का रास्ता खुल जाएगा, जबकि नानूराम कुमावत का नाम भी उपाध्यक्ष के लिए मजबूती से है। हालांकि राजावत बनते हैं तो उन्हें संचालक बनकर संतुष्ट रहना पड़ेगा। इधर, दिनेश वर्मा, सतीश शर्मा, साधना दडग़े का नाम भी लगभग तय माना जा रहा है। इन सभी बिंदुओं पर फैसला होते ही घोषणा हो जाएगी। इधर, इंदौर के साथ देवास और भोपाल में भी प्राधिकरण का गठन होगा।