एक-दूसरे के परिवार के पुरुषों पर लगाए आरोप, एएसपी कर रहे जांच
इंदौर. पुलिस के पास परदेशीपुरा के दो परिवारों का एक ऐसा मामला आया है, जिसने उसे मुश्किल में डाल दिया है। बताया जाता है कि यहां रहने वाली दो पड़ोसन महिलाओंं ने एक-दूसरे के परिवार के पुरुषों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। अब पुलिस भी उलझ गई है कि दोनों में कौन सही है और कौन गलत। मामला महिलाओं से जुड़ा होने के चलते एएसपी इस पूरे मामले में जांच कर रहे हैं।
नशीला पदार्थ खिलाकर बनाया वीडियो
पुलिस के अनुसार एक महिला ने शिकायत की है कि उसकी पड़ोसन उसे ब्लैकमेल कर रही है। महिला का कहना है कि बहाने से उसे पड़ोसन ने अपने घर बुलाया और फिर उसे कोई नशीला पदार्थ देकर अपने परिवार के पुरुष से उसके साथ दुष्कर्म करवाया। इसका वीडियो भी उसने बना लिया। अब इस वीडियो से उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है। आरोपितों से परेशान होकर उसने शहर भी छोड़ दिया, इसके बाद भी उसे फोन कर परेशान किया जा रहा है। इतना ही नहीं, अब उसके पति के खिलाफ भी दुष्कर्म की शिकायत आरोपित महिला ने कर दी है।
दूसरी बोली- पड़ोसी ने किया बलात्कार
दूसरे पक्ष का भी कहना है कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। इसमें उसकी पत्नी ने भी साथ दिया। दोनों ही महिलाओं ने अपने आपको सही बताते हुए एक-दूसरे पर बलात्कार कराने का आरोप लगाया है। दोनों की ही शिकायत मिलने के बाद इस मामले में एएसपी प्रशांत चौबे को जांच सौंपी गई है। उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि कौन सही बोल रहा है। जो सही होगा, उसकी शिकायत पर केस दर्ज कर लिया जाएगा।