MP News: विशेषज्ञों के अनुसार चूहे के काटने से संक्रमण और गंभीर बीमारियों का खतरा रहता है। ऐसे मामलों में तुरंत प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय देखभाल बेहद जरूरी होती है....
MP News: कुछ महीने पहले एयरपोर्ट पर एक इंजीनियर को चूहे के काटे जाने की घटना के बाद अब ट्रेन में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। महोबा से इंदौर आ रही रीवा-महू एक्सप्रेस में एक यात्री को चूहे ने काट लिया, जिससे रेलवे की स्वच्छता और यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार ट्रेन क्रमांक 14116 में सफर कर रहे यात्री शिवसहाय वमहोबा से इंदौर के लिए रवाना हुए थे। वे स्लीपर क्लास के एस 4 कोच में सीट नंबर 30 पर यात्रा कर रहे थे। यात्री का आरोप है कि कोच में पहले से ही गंदगी का माहौल था।
इसी दौरान अचानक एक चूहा उनके पैर पर चढ़ गया और काट लिया। घटना के बाद उनके पैर से खून बहने लगा और तेज दर्द के साथ बुखार भी चढ़ गया। पीड़ित यात्री ने रेलवे अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई और दर्द निवारक दवाओं की मांग की। हालांकि आरोप है कि यात्रा के दौरान उन्हें समय पर कोई चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल सकी। दर्द और असहजता के बीच उन्हें पूरी यात्रा मजबूरी में पूरी करनी पड़ी। यात्री ने अपनी शिकायत रेल मदद पोर्टल पर भी दर्ज कराई। जवाब में रेलवे की ओर से आश्वासन दिया गया कि शिकायत संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है। वहीं रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार चूहे के काटने से संक्रमण और गंभीर बीमारियों का खतरा रहता है। ऐसे मामलों में तुरंत प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय देखभाल बेहद जरूरी होती है। लापरवाही गंभीर हो सकती है, यहां तक कि कुछ मामलों में प्रभावित अंग को नुकसान भी पहुंच सकता है। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे की सफाई व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि नियमित सफाई और निगरानी के दावे हकीकत में कहीं नजर नहीं आते, जिससे सफर अब सुरक्षित कम और जोखिम भरा ज्यादा महसूस होने लगा है।
इससे पहले इंदौर एयरपोर्ट पर यात्री की पेंट में चूहा घुस गया। उसने यात्री को काट भी लिया। यात्री को एयरपोर्ट पर कोई मेडिकल फैसिलिटी नहीं मिली। उसने बेंगलुरु पहुंचने पर इंजेक्शन लगवाया। इंदौर एयरपोर्ट पर भोपाल के रहने वाले अरुण मोदी इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E 6739 से बेंगलुरु जा रहे थे। उनकी पत्नी साथ थीं।
फ्लाइट दोपहर 3 बजकर 5 मिनट उड़ान भरती है। मोदी दंपती दोपहर करीब 1 बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे। फ्लाइट में समय बाकी होने के कारण वे एयरपोर्ट के ग्राउंड फ्लोर पर डिपार्चर हॉल में इंतजार कर रहे थे। अरुण रिकलाइनर्स पर आराम करने के लिए बैठे थे। इसी दौरान एक चूहा उनकी पैंट में घुस गया। अरुण हड़बड़ाकर उठे। उन्होंने बाहर से ही चूहे को पकड़ा। इस पर चूहे ने उन्हें घुटने के पीछे काट लिया। उन्होंने पैंट उतारी और चूहे को पकड़ा।