
Indore news: एमपी के इंदौर शहर में लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। स्टेशन पर बिछाए गए नए रेल ट्रैक को दोनों ही ओर से पुरानी लाइन से जोड़ दिया गया है, जिससे निर्माण कार्य के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। वहीं पुरानी इमारत को हटाकर उसकी जगह नए प्लेटफॉर्म का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का दावा है कि शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म पर बड़े शेड लगाए जा रहे हैं ताकि बरसात और गर्मी के मौसम में यात्रियों को राहत मिल सके। इसके साथ ही स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का काम भी जारी है। निर्माण पूरा होने के बाद लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन के तैयार होने के बाद यहां से कुछ और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन और स्टॉपेज की योजना पर भी काम चल रहा है। वर्तमान में इंदौर स्टेशन पर यात्रियों का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से ट्रेनों का संचालन शुरू होने और कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव मिलने से शहर के पूर्वी हिस्से के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें ट्रेन पकडऩे के लिए इंदौर जंक्शन तक उलटा नहीं जाना पड़ेगा।
रेलवे राऊ स्टेशन पर भी स्टॉपेज बढ़ाने की तैयारी में है। इंदौर-दाहोद रेल परियोजना का कार्य धार तक पहुंचने के बाद राऊ स्टेशन का महत्व और बढ़ जाएगा। योजना के अनुसार भविष्य में यहां भी कुछ ट्रेनों के स्टॉपेज शुरू किए जा सकते हैं। इससे राऊ और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। रेलवे का मानना है कि राऊ स्टेशन पर स्टॉपेज से महू और इंदौर से धार की ओर जाने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा। फिलहाल इंदौर से राऊ तक रेल लाइन तैयार है और इस खंड में ट्रेन संचालन हो रहा है। वहीं पीथमपुर से धार के बीच ट्रायल भी किया जा चुका है। हालांकि इंदौर-धार के बीच बन रही सुरंग का काम पूरा नहीं होने से दोनों हिस्सों की कनेक्टिविटी अभी नहीं हो सकी है।