इंदौर

कैलाश विजयवर्गीय के सुरक्षाकर्मियों ने की थी बदसलूकी, छीन लिए थे मोबाइल, महिलाओं के गंभीर आरोप

Krishnabagh Colony Indore : पार्षद से लेकर मंत्री के पास मदद मांगने गए- राहत नहीं मिली, कृष्णबाग कॉलोनी के बेघर रहवासियों का छलका दर्द, बोले- रजिस्ट्री होने के बावजूद मकान तोड़े, विधायक भी हाल जानने नहीं पहुंचे
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 8:32 AM IST
कैलाश विजयवर्गीय (Photo Source: @KailashOnline X हैंडल)
कैलाश विजयवर्गीय (Photo Source: @KailashOnline X हैंडल)

Krishnabagh Colony Indore : इंदौर के कृष्णबाग कॉलोनी में मकानों पर कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों का दर्द और आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। किसी की आंखों में बेघर होने का दर्द है तो किसी के मन में व्यवस्था के खिलाफ गुस्सा। रहवासियों का कहना है कि उनके पास मकानों की रजिस्ट्री थी। वर्षों से संपत्ति कर और जलकर भी जमा कर रहे थे। बावजूद उनके मकानों को अवैध घोषित कर तोड़ दिया गया। अपने आशियाने बचाने के लिए वे पार्षद, महापौर से लेकर मंत्री तक के पास गुहार लगाने पहुंचे, लेकिन कहीं से राहत नहीं मिली। पीडि़तों ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के यहां मदद मांगने के दौरान उनके सुरक्षाकर्मियों पर बदसलूकी करने और मोबाइल फोन छीनने के गंभीर आरोप भी लगाए। रहवासियों ने स्थानीय विधायक महेंद्र हार्डिया की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि मुसीबत के इतने बड़े दौर में विधायक न पहले उनका हाल जानने पहुंचे और न ही मकान टूटने के बाद उनका दर्द सुनने आए।

रजिस्ट्री और टैक्स जमा करने के बाद भी बेघर

एक पीडि़त ने कहा कि यह भ्रष्टाचार का नमूना है। उनके पास मकान की रजिस्ट्री है, जलकर और संपत्ति कर जमा करने की रसीदें हैं। बावजूद परिवार बेघर हो गए। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल से वे अलग-अलग जिम्मेदारों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

सुबह पांच बजे से बैठे रहे, मदद की जगह बदसलूकी मिली

कॉलोनी की एक महिला रहवासी ने बताया कि मकान तोडऩे का पहला नोटिस करीब दो साल पहले मिला था। उस समय सभी रहवासी एकजुट होकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पास मदद मांगने पहुंचे थे। भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार होने के कारण उन्हें उम्मीद थी कि मंत्री उनकी समस्या का समाधान कराएंगे। महिला के मुताबिक, वे सुबह पांच बजे से मंत्री के घर के बाहर बैठे रहे, लेकिन मदद का आश्वासन मिलने के बजाय उनके सुरक्षाकर्मियों ने बदसलूकी की और मोबाइल फोन छीन लिए। इस घटना के बाद वे दोबारा मंत्री के पास जाने से भी डरने लगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि पार्षद, महापौर, मंत्री और मुख्यमंत्री तक गुहार लगाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि नेता नगरी और श्रीराम बिल्डर के गठजोड़ के कारण उनके मकान गए।

झूठ जीता, सच हार गया

एक अन्य महिला ने कहा कि कार्रवाई के बाद ऐसा लगने लगा है कि झूठ जीत गया और सच हार गया। मकान उजडऩे के बाद परिवार कहां जाएं, यह किसी को दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक महेंद्र हार्डिया न पहले आए और न मकान टूटने के बाद दर्द सुनने पहुंचे। अब ऐसा लग रहा है कि सभी लोग श्रीराम बिल्डर के समर्थन में खड़े हैं।

Updated on:
27 Nov 2026, 8:32 AM IST
Published on: