
SI assault lawyer video viral: इंदौर शहर में एरोड्रम थाना क्षेत्र में घर के बाहर कार से सामान उतरवा रहे वकील का पुलिसकर्मी से विवाद का मामला सामने आया है। आरोप लगाया है कि एसआइ सहित तीन पुलिसकर्मियों ने उनसे अभद्रता और मारपीट की है। घटना का वीडियो, सीसीटीवी फुटेज उनके पास है। पुलिसकर्मियों की मारपीट से वे चोटिल हुए हैं। पीड़ित पक्ष ने सोमवार को पुलिस अधिकारी के समक्ष शिकायत कर वारदात से जुड़े वीडियो भी दिखाए है। अधिकारियों ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
पीड़ित वकील योगेश गुर्जर ने बताया, वे रविवार रात अखंड नगर स्थित घर के बाहर कार से मौसेरे भाई का सामान उतरवा रहे थे। इस दौरान उनकी गली में काले रंग की कार आई। आरोप है कि कार में सवार पुलिसकर्मी ने मौसेरे भाई से कहा कि तुम्हारे बाप का रोड है। भाई ने पुलिसकर्मियों को कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन योगेश गुर्जर ने विरोध किया तो पुलिसकर्मी अभद्रता करने लगे। आरोप है नशे में पुलिसकर्मी ने मारपीट की। जबरदस्ती निजी कार में बैठाने का प्रयास किया, जिससे उन्हें मुंह और अन्य जगह चोट आई हैं। आरोप यह भी है कि हेंड कांस्टेबल मनोज ओझा और सिविल ड्रेस पहने पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की है। पीड़ित ने खुद के वकील होने की बात भी बताई। पीड़ित का कहना है कि यह बात एसआइ संजय विश्नोई समझ रहे थे, लेकिन उनके साथ खड़े दो पुलिसकर्मियों ने परिवार के सामने अपनी अभद्रता जारी रखी।
वकील का आरोप है वीडियो में पुलिसकर्मी के फुटेज कैद हुए हैं। वे कह रहे हैं कि वर्दी उतार दूंगा। हमारे खानदान में भी गुंडे हैं। हमने मोबाइल से वीडियो बनाया तो मोबाइल छीन लिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है। रात में हम एसीपी मल्हारगंज के ऑफिस पहुंचे। वहां से एडिशनल डीसीपी सुमित केरकेट्टा के पास शिकायत करने पहुंचे। उन्होंने मेडिकल कराने के लिए पहुंचाया। संबंधित पुलिसकर्मियों पर विभागीय जांच कराने और लाइन अटैच की कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि अब तक केस दर्ज नहीं हुआ है। ये बात भी सामने आ रही है कि थाने के पुलिसकर्मियों ने घटना के समय का वीडियो बनाया था। अब अधिकारी उनसे पूछताछ करने की तैयारी में है।
मालूम हो कि लसूडिया थाने में पदस्थ रहते हुए एसआइ संजय विश्नोई टीम के साथ वारंट तामिली के लिए पहुंचे थे। तब टीम के साथ वे आरोपी के घर में दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए थे। मामला सामने आने पर एसआइ विश्नोई सहित पांच पुलिसकर्मी को सस्पेंड किया गया था। उस समय पुलिस कार्रवाई का वीडियो काफी चर्चा में रहा था।
वकील पक्ष ने आवेदन दिया है। मामले में एसीपी मल्हारगंज को जांच सौंपी है। दोनों पक्षों के जल्द कथन लिए जाएंगे। साक्ष्य संकलित कर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सुमित केरकेट्टा, एडिशनल डीसीपी