इंदौर

भाजपा में ‘पद’ के लिए ‘प्रतिष्ठा’ की जंग, इंदौर में 5 घंटे की बैठक में खुलेगा नियुक्तियों का पिटारा

MP Politics: प्रदेश भाजपा ने सत्ता और संगठन में लंबित नियुक्तियों को लेकर आज जिला अध्यक्षों की बैठक बुलाई है, जिसमें इंदौर भाजयुमो और महिला मोर्चा के फैसले हो सकते हैं।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 1:01 PM IST
भाजपा ने बुलाई बैठक (Photo Source - Patrika)
भाजपा ने बुलाई बैठक (Photo Source - Patrika)

Indore news: सत्ता और संगठन में लंबित नियुक्तियों को लेकर आज प्रदेश भाजपा ने जिला अध्यक्षों को तलब किया है। पांच घंटे मैराथन बैठक होने वाली है जिसमें इंदौर के भाजयुमो का भी फैसला हो सकता है। हर नेता अपने-अपने समर्थक को बनाने में जुटा हुआ है जिसके चलते शह और मात का खेल चल रहा है। कुछ ने तो अपनी प्रतिष्ठा का भी सवाल बना रखा है। आज देखना है कि अंतिम दौर में किसका दाव चलेगा या फिर घोषणा का रायता फैल जाएगा।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी विह्रश्वलव देव, अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर की मौजूदगी में आज भोपाल में जिला भाजपा अध्यक्षों की बैठक होने जा रही है। इसका मुख्य मुद्दा संगठन व सत्ता के खाली पदों पर नियुक्ति रहेगा। पहले सामूहिक बैठक होगी जिसके बाद संभागीय स्तर पर जिला अध्यक्षों को बैठाया जाएगा ताकि नाम तय किए जा सके। इसमें इंदौर नगर में भाजयुमो और जिला में महिला मोर्चा का फैसला हो सकता है। सबसे ज्यादा बवाल नगर मोर्चा अध्यक्ष पद को लेकर है।

कुछ नेताओं को है कड़ी आपत्ति

नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने 11 नामों की पैनल बनाकर मोर्चा अध्यक्ष श्याम टेलर को तीन माह पहले ही सौंप दी थी। उनका साफ कहना है कि इंदौर मालवा-निमाड़ का केंद्र बिंदु है। यहां की गतिविधियों का असर पूरे क्षेत्र में पड़ता है। इसलिए काम करने वाले को अध्यक्ष बनाया जाए जिसे पुराना अनुभव भी हैं। इस पैमाने पर रोहित चौधरी, धीरज ठाकुर, निक्की राय और अक्षांशु तिवारी फिट बैठ रहे हैं जो मौजूदा पदाधिकारी हैं। अक्षांशु तिवारी भी प्रदेश पदाधिकारी रहे हैं जिनका नाम संघ परिवार से आया है।

इधर, विधायक मालिनी गौड़ चाहती हैं कि मयूरेश पिंगले को बनाया जाए जिसके लिए उनसे जुड़े नेता भी लॉबिंग कर रहे हैं। इस बीच में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अंकित रावल का नाम फेंक दिया जिस पर प्रदेश अध्यक्ष टेलर भी राजी हैं। मजेदार बात ये है कि ये नाम पैनल में भी नहीं हैं। वहीं, जिला प्रभारी राजेश सोलंकी और विधायक महेंद्र हार्डिया चाहते हैं कि अमित सिंह कुशवाह को बनाया जाए। ये बात भी सामने आई है कि हार्डिया के भतीजे और कुशवाह की दोस्ती मजबूत है जिसकी वजह से वे पूरी ताकत लगा रहे हैं तो सोलंकी प्रभारी होने के बावजूद उनकी लॉबिंग कर रहे हैं जिस पर कुछ नेताओं की कड़ी आपत्ति भी है।

महिला मोर्चा में बीच का नाम

ग्रामीण महिला मोर्चा अध्यक्ष को लेकर राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार व विधायक उषा ठाकुर में खींचतान चल रही है। ठाकुर चाहती हैं कि किरण सिसोदिया को फिर से बनाया जाए और पाटीदार अपनी समर्थक माया पटेल को बनाना चाहती हैं। दोनों के विवाद में प्रदेश संगठन ने विकल्प के नाम भी बुलवा लिए हैं जिसमें राऊ से शारदा कुशवाह और हातोद की हेमलता डांगर का नाम निकलकर सामने आया है। दोनों में से किसी की नियुक्ति हो सकती है।

प्रदेश में भी नहीं सकती है नियुक्ति

जिला स्तर पर नियुक्तियों को लेकर संगठन का भारी दबाव है। मजेदार बात ये है कि प्रदेश भाजपा में 19 प्रकोष्ठ हैं जिसमें से अब तक सिर्फ 10 में ही संयोजक की नियुक्ति हो सकती है। 9 प्रकोष्ठ तो प्रदेश स्तर पर भी बाकी है। इधर, इंदौर नगर व ग्रामीण में पांच में से तीन-तीन मोर्चों में टीम की गठन हो चुका है।

Updated on:
18 Nov 2026, 1:01 PM IST
Published on: