
Indore news:एमपी के इंदौर शहर में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआइ) और इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर छात्रों से 5.29 लाख रुपए की ठगी की गई। आरोपी ने फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर युवाओं को भरोसे में लिया, लेकिन जब वे दस्तावेज लेकर संबंधित कार्यालय पहुंचे तो फर्जीवाड़ा उजागर हो गया। तुकोगंज पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। टीआइ जितेंद्र चौहान ने बताया कि विजय नगर निवासी अमित कुमार प्रजापति, रितेश वर्मा और मनस्वी गेहलोत की शिकायत पर विनोबा नगर निवासी वैभव मेहता के खिलाफ बुधवार को धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी पहले अक्शा इंटरनेशनल कोचिंग इंस्टीट्यूट में पढ़ते थे, जहां वैभव मेहता ट्रेनर था। नौकरी छोड़ने के बाद उसने छात्रों से संपर्क कर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का दावा किया। भरोसा दिलाने के लिए उसने फर्जी ऑफर और जॉइनिंग लेटर भी तैयार कर दिए।
आरोपी ने किसी छात्र से 1.14 लाख रुपए, किसी से 2.74 लाख रुपए और एक अन्य से 1.40 लाख रुपए लेकर कुल 5.29 लाख रुपए ऐंठ लिए। बाद में जब छात्र जॉइनिंग लेटर लेकर अपने सपने को पूरा करने एयरपोर्ट और एयरलाइंस के कार्यालय पहुंचे तो अधिकारियों ने दस्तावेज फर्जी बता दिए। यह सुन युवाओं के आंखों से आंसू बह निकले। पुलिस का कहना है कि आरोपी फरार है। उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं उसने अन्य युवाओं को भी इसी तरह नौकरी का झांसा देकर ठगी तो नहीं की।
साइबर फ्रॉड से बचने के लिए कभी भी अपना ओटीपी (OTP), यूपीआई पिन (UPI PIN), पासवर्ड या बैंक विवरण किसी के साथ फोन या मैसेज पर साझा न करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और केवाईसी (KYC) या लॉटरी के झूठे झांसे में न आएं।
-कभी भी कोई बैंक अधिकारी या कोई भी सरकारी कर्मचारी फोन पर ओटीपी, पासवर्ड या पिन नहीं मांगता है।
-अज्ञात नंबरों से आए मैसेज या ईमेल में दिए गए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
-फोन में अनजाने या स्क्रीन-शेयरिंग ऐप्स (जैसे Anydesk, Teamviewer) डाउनलोड न करें।
-सभी ऑनलाइन खातों के लिए मजबूत और अलग पासवर्ड बनाएं तथा समय-समय पर उन्हें बदलते रहें।
-पब्लिक प्लेस पर पर वाई-फाई का उपयोग करके अपने बैंक खाते या ऑनलाइन पेमेंट का इस्तेमाल न करें।