
इंदौर. देवी अहिल्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने प्रशासन से 1230 एकड़ जमीन मांगी है। प्रशासन ने पूर्व में हवाई सर्वे रिपोर्ट शासन को भेजी थी, जहां से सममति आने के बाद अब मैदानी सर्वे शुरू किया जा रहा है। इसमें एक-एक खातेदार की जानकारी सामने आएंगी और नक्शा तैयार होगा। इसके लिए दो एएसएलआर के नेतृत्व में दल गठित किया है। दल में शामिल अफसरों ने शुक्रवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ नक्शा समझा। दल शनिवार से सीमांकन काम शुरू करेगा।
एयरपोर्ट प्रबंधन दो रन वे तैयार करना चाहता है, जिसके लिए जमीन की जरूरत है। एयरपोर्ट विस्तार के लिए प्रशासन के प्रारंभिक सर्वे में 6 गांव की कृषि और आबादी की करीब 1109 एकड़ जमीन का सर्वे हुआ, जिसका कलेक्टर गाइड लाइन से मूल्य 16.95 अरब रुपए आंका गया है। इसका प्रस्ताव संभागायुक्त के माध्यम से शासन को भेजा था। मल्हारगंज एसडीएम ने बताया, मैदानी सर्वे के लिए एएसएलआर ओबी बेड़ और महेंद्र गौड़ के नेतृत्व में दल बनाया है, जिसमें तीन राजस्व निरीक्षक रवींद्र सिंह मंडलोई, तेजसिंह सोलंकी, मिथिलेश झारिया और हल्का पटवारी शामिल हैं।
यह हैं छह गांव
नैनोद, कोर्डिया बडऱ्ी, सिरपुर, सिंहासा, बिसनावदा और नावदापंथ की कुल 449 हेक्टेयर भूमि सामने आई है, जो भूमि राजस्व रिकॉर्ड में कृषि और आबादी के रूप में दर्ज है।
गांव कुल रकबा (हेक्टयर में)
नैनौद 24.429
कोर्डियाबडऱ्ी 88.085
सिरपुर 61.480
सिंहासा 203.332
बिसनावदा 53.425
नावदापंथ 18.254