
जीजा-साले ने गोड़ाउन का ताला तोडक़र रखे 1 लाख रुपए, चोरी किए पंप, ऐसे आए पुलिस के हाथ
इंदौर. व्यापारी के गोडाउन से एक लाख कीमत से अधिक के सबमर्सिबल पंप चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी जीजा-साले को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने पंप बरामद किए हैं।
टीआई सुनील गुप्ता के मुताबिक आरोपी आकाश उर्फ अक्कू पिता गोपाल निवासी गाड़ी अड्डा व उसके जीजा देवेंद्र उर्फ सोनू पिता ओमप्रकाश शर्मा निवासी कुमावतपुरा को गिरफ्तार किया है। दोनों ने बुधवार को फरियादी सत्यनारायण मुकाती निवासी राऊ के गाड़ी अड्डा स्थित गोडाउन के ताला तोड़ उसमें रखे एक लाख दस हजार कीमत के 6 सबमर्सिबल पंप और एक ओपनवैल पंप चोरी किए थे।
टीम को सूचना मिली थी की आकाश, क्षेत्र के सोनकर धर्मशाला के सामने चोरी का पंप सस्ते में बेचने के फिराक में घूम रहा है। टीम ने उससे पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। तीन पंप उसने अपने घर तो चार पंप उसके जीजा के घर बेचने के लिए रखे थे। टीम ने सभी को बरामद किया है। आरोपी का अपराधिक रिकार्ड नहीं मिला है। वहीं व्यापारी ने पुलिस को बताया कि वे 30 जुलाई को व्यापार के सिलसिले में राजकोट के लिए निकले। इस बीच उनका गोदाम बंद रहा। बुधवार को वे गोदाम पर पहुंचे तो ताला टूटा मिला। चोरी गए पंप की सूचना उन्होंने थाने पहुंच दी थी।
Published on:
10 Aug 2019, 2:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.