
Indore news:एमपी के इंदौर शहर में बडग़ोंदा थाना क्षेत्र में शराब पार्टी वारदात में बदल गई। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को खेत के पास बनी तलाई में मिट्टी से दबा दिया और फरार हो गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को धार से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मिथुन उर्फ धर्मेंद्र निवासी खेड़ा गवली पलासिया के रूप में हुई है।
परिजनों ने उसके लापता होने पर एक दिन पहले गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान खेत के पास बनी तलाई में मिट्टी से दबा शव मिलने की सूचना मिली। शव बाहर निकालने पर उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हत्या की पुष्टि हुई। जांच के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि मिथुन दो दिन पहले अपने दोस्त सुखराम निवासी धार के साथ गया था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम धार भेजी गई और सुखराम को हिरासत में लेकर लाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी घटना का खुलासा कर दिया।
आरोपी ने बताया कि दोनों ने साथ बैठकर पार्टी की थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में उसने पास में रखा फलिया उठाकर मिथुन पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को तलाई में ले जाकर मिट्टी से ढंक दिया ताकि किसी को घटना की जानकारी न लगे और वह वहां से धार भाग निकला। सूचना पर पुलिस ने उसे धार से गिरफ्तार किया और पूछताछ की तो आरोपी ने हत्या कबूल कर ली। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि हत्या के पीछे के विवाद और अन्य पहलुओं की भी जानकारी मिल सके।
वहीं दूसरे मामले में हीरानगर थाना क्षेत्र में टे्पो स्टैंड के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घायल मिले एक युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। राहगीरों और पुलिस की मदद से युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सोनू पिता दलजीत भाटिया (28) के रूप में हुई है। बीते दिन हीरानगर क्षेत्र स्थित टे्पो स्टैंड के पास सोनू अत्यंत गंभीर में पड़ा हुआ मिला था। सूचना मिलते ही हीरानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे एमवाय अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में उपचार के दौरान स्थिति बिगडऩे से युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार युवक के शरीर पर चोट के निशान कैसे आए और वह किन परिस्थितियों में घायल होकर वहां तक पहुंचा, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। हीरानगर थाना पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।