
UP Thak-Thak Gang arrested in Indore: एक्सीडेंट होने की नोटंकी कर अकेले कार चालकों को लूटने वाली इंदौर में पकड़ाई यूपी की 'ठक-ठग गैंग' से अब दूसरे राज्यों की पुलिस भी पूछताछ करेगी। इस गैंग ने पूछताछ में इंदौर सहित महाराष्ट्र के पुणे, नासिक, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात के कई शहरों में वारदात को अंजाम देना स्वीकारा है। संबंधित राज्यों की पुलिस को भी सूचना दी गई है। इधर, रिमांड अवधि खत्म होने पर पांचों बदमाशों को जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि गत दिवस सुनसान इलाके में किसी व्यापारी या एजेंट को लूटने की साजिश रचते पांच बदमाशों को भंवरकुआं थाना पुलिस में गिरफ्तार किया था। इनके पास से टामी, लाल मिर्च पाउडर सहित लूट में प्रयुक्त होने वाली सामग्री बरामद की थी। बदमाशों के नाम कुलदीप, नाजिम कुरैशी, महकूज, शोएब कुरैशी और मो. शकील कुरैशी निवासी मेरठ (यूपी) हैं, जिन्हें 2 दिन की रिमांड पर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। पूछताछ पता चला था इसी गैंग ने तीन इमली ब्रिज पर कारोबारी मनोज जैन के साथ लूट की थी।
बदमाशों ने कार को ब्रिज पर रोका और एक्सीडेंट होने का बहाना बनाकर बातों में उलझा कर कारोबारी मनोज जैन से रुपए से भरा बैग लूट ले गए थे, जबकि राजेंद्र नगर क्षेत्र में भी चार्टर्ड अकाउंटेंट कुणाल सिंघवी को इसी तरह उलझाकर महंगा आइफोन लूटना कबूला।
गैंग मेरठ से दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, एमपी, महाराष्ट्र और गुजरात होकर फिर इंदौर में वारदात के लिए सक्रिय थी। थाना प्रभारी संतोष दूधी ने बताया कि अन्य राज्यों के संबंधित पुलिस को भी इंदौर पुलिस ने इन आरोपियों को पकड़े जाने की सूचना दी है। वहां हुई वारदातों के सिलसिले में पुलिस टीम जल्दी इंदौर जाकर पूछताछ करेगी।
इंदौर में त्योहारी सतर्कता के साथ ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त आदतन और सूचीबद्ध 16 गुंंडों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस कमिश्नर ने एक ही दिन में इन बदमाशों में 11 को जिलाबदर करते हुए 5 को थाना हाजिरी के आदेश जारी किए हैं। शहर में मोहर्रम पर्व और अन्य त्योहारों के मद्देनजर सभी थाना इलाकों में संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगाह रखने और लगातार भ्रमण किए जाने के दिशा-निर्देश पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने दिए हैं। इस बीच शहर में सक्रिय आदतन बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। कल जारी आदेश के तहत 11 गुंडों को तड़ीपार कर दिया गया, जबकि 5 बदमाशों को सशर्त थाने पर जाकर निर्धारित समय में अपनी हाजिरी देनी होगी। संबंधित थानों की पुलिस टीमों ने जिलाबदर किए गए बदमाशों के घरों पर जाकर आदेश सुनाया और मोहल्ले वालों को भी इसकी जानकारी दी।