इंदौर

MP में बाबा के सत्संग में धार्मिक टिप्पणी पर भड़की हिंसा, लाठी-डंडों से हमला, 10 घायल

MP News: मारपीट में करीब 10 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
May 11, 2026
Violence erupted during Rampal Baba satsang over religious remarks 10 injured mp news
Violence erupted during Baba satsang over religious remarks (फोटो- AI Generated Image)

MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर क्षेत्र से धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने को लेकर हुए विवाद की खबर सामने आई है। जिले के बेटमा क्षेत्र के ग्राम खतेड़िया में रविवार को सत्संग के दौरान धार्मिक टिप्पणियों को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे और लोहे के पाइप चले। मारपीट में करीब 10 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

बाबा के सत्संग में घुसे गुंडों ने की मारपीट- पहला पक्ष

पुलिस के मुताबिक नेवरी निवासी हर्षिला पंवार ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने साथियों के साथ ग्राम खतेड़िया में अनिता बाई के घर पर आयोजित रामपाल बाबा (Rampal Baba) के सत्संग में शामिल होने गई थी। सभी लोग टीवी स्क्रीन पर सत्संग सुन रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और सत्संग बंद करने की बात कहने लगे। आरोप है कि मुकेश, जसवंत, पप्पू, गोकुल और कृष्णपाल सिंह डंडे व लोहे के पाइप लेकर आए और विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना में महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। आरोपियों ने वहां खड़े लोडिंग वाहन के कांच भी फोड़ दिए।

आहात हुई धार्मिक भावनाएं- दूसरा पक्ष

वहीं दूसरे पक्ष की ओर से ग्राम खतेड़िया निवासी यशवंत पिता सरदार सिंह केलवा ने शिकायत दर्ज कराई है। यशवंत के अनुसार उसके घर के सामने टेंट लगाकर टीवी पर रामपाल बाबा का प्रवचन चल रहा था। प्रवचन में महिलाओं की बिंदी, मंगलसूत्र और मूर्ति पूजा को लेकर कही जा रही बातों से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो रही थीं। यह सुनकर उसका दोस्त विनोद उर्फ पप्पू और गोकुल वहां देखने गए। आरोप है कि टेंट में मौजूद लोग इस बात पर भड़क गए और विवाद करने लगे। विरोध करने पर लकड़ी से हमला कर दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही बेटमा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो व प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किया है।

Published on:
11 May 2026 03:35 pm