इंदौर

Indore new: रक्षाबंधन से पहले ठगी का नया तरीका, विदेशी भाई बनकर युवती से ऐंठे 1.47 लाख

Online Fraud: रक्षाबंधन नजदीक आते ही इंदौर में सोशल मीडिया पर भाई बनकर विदेश से उपहार भेजने के नाम पर युवती से 1.47 लाख रुपये की ऑनलाइन ठग लिए।
2 min read
Aug 10, 2026
Online Fraud: विदेश से गिफ्ट लेने के नाम पर ठगी (Photo Source - freepik)
Online Fraud: विदेश से गिफ्ट लेने के नाम पर ठगी (Photo Source - freepik)

Indore new: रक्षाबंधन नजदीक आते ही ऑनलाइन ठगों ने युवतियों को निशाना बनाने का नया तरीका अपना लिया है। एमपी के इंदौर शहर में सोशल मीडिया पर दोस्ती कर खुद को विदेश में रहने वाला युवक बताने के बाद भाई बनने का प्रस्ताव देना और फिर विदेश से उपहार भेजने भेजने के नाम पर रकम ऐंठना इसका नया तरीका सामने आया है। हीरा नगर थाना क्षेत्र में एक युवती इसी तरह की ठगी का शिकार हो गई।

आरोपी ने भरोसा जीतने के बाद अलग-अलग बहाने बनाकर युवती से 1.47 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि सोशल मीडिया पर उसकी एक युवक से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान युवक ने खुद को यूरोप में अकेला रहने वाला बताया और वहां उसका व्हीकल शोरूम होने की बात कही। कुछ समय बाद उसने युवती को बहन बनाने का प्रस्ताव दे दिया। इस प्रस्ताव पर युवती के सहमत होने पर आरोपी ने उसका वाट्सऐप नंबर ले लिया और बातचीत शुरू कर दी।

पहले गिफ्ट का झांसा, फिर शुरू हुई वसूली

ठग ने एक दिन वाट्सऐप कॉल कर कहा कि उसका जन्मदिन है और वह अपनी बहन को विदेश से उपहार भेज रहा है। कुछ दिन बाद उसने युवती को बताया कि गिफ्ट से भरा पार्सल मुंबई में रोक लिया गया है। इसे छुड़ाने के लिए 18 हजार रुपए देने होंगे। युवती ने आरोपी की बात पर भरोसा करते हुए परिवार के सदस्य के मोबाइल से बताए गए खाते में यूपीआइ के जरिए रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगना शुरू कर दिया। कभी वाहन खराब होने तो कभी अपने देश लौटने के लिए पैसों की जरूरत बताकर वह युवती से रकम मांगता रहा। युवती रुपए भेजती गई।

पार्सल नहीं आया तो खुली ठगी की पोल

लगातार पैसे देने के बावजूद जब पार्सल नहीं पहुंचा और आरोपी की पैसों की मांग बंद नहीं हुई तो युवती को संदेह हुआ। तब तक वह आरोपी को 1.47 लाख रुपए दे चुकी थी। पार्सल नहीं मिला और आरोपी से संपर्क भी संदिग्ध लगने लगा तो उसे ठगी का अहसास हुआ। शिकायत के बाद हीरा नगर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

Updated on:
10 Aug 2026 05:50 pm
Published on:
10 Aug 2026 05:50 pm