
Indore news:मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में पिगडंबर प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआइ) ने फ्लाईओवर के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब अक्टूबर माह से मौके पर निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। निर्माण के दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए पहले सर्विस रोड तैयार किया जाएगा। इसके बाद फ्लाईओवर का मुख्य निर्माण शुरू होगा।
एनएचएआइ अधिकारियों के मुताबिक पिगडंबर चौराहे में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। यहां हाईवे पर स्थानीय और लंबी दूरी के वाहनों की आवाजाही के साथ आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाला ट्रैफिक भी रहता है। ऐसे में फ्लाईओवर बनने से वाहनों को निर्बाध आवागमन मिल सकेगा और जाम की स्थिति में भी कमी आएगी। साथ ही दुर्घटना के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले इस ब्लैक स्पॉट को खत्म करने में भी मदद मिलेगी।
एनएचएआइ के परियोजना निदेशक प्रवीण यादव ने बताया कि फ्लाईओवर के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ठेकेदार कंपनी का चयन भी कर लिया गया है और इसी माह काम शुरू करने की तैयारी है। निर्माण शुरू करने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश एजेंसी को दिए गए हैं। कोशिश रहेगी कि निर्माण के दौरान हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही कम से कम प्रभावित हो। फ्लाईओवर पूरा होने के बाद पिगडंबर क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन अधिक सुगम होने के साथ दुर्घटना संभावित स्थान को भी सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।
फ्लाईओवर निर्माण शुरू करने से पहले सर्विस रोड बनाई जाएगी। इसका उद्देश्य निर्माण क्षेत्र में काम चलने के दौरान मुख्य मार्ग के ट्रैफिक को व्यवस्थित रखना है। एनएचएआइ ने ठेकेदार कंपनी को निर्देश दिए हैं कि निर्माण शुरू करने से पहले डायवर्शन, बैरिकेडिंग, संकेतक और अन्य जरूरी ट्रैफिक इंतजाम किए जाएं ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो। निर्माण के दौरान भारी वाहनों के लिए अलग रूट तय करने के साथ पैदल यात्रियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा। मौके पर पर्याप्त ट्रैफिक मार्शल तैनात किए जाएंगे और जरूरत के अनुसार रूट में बदलाव किया जाएगा।