
Indore Delivery Boy Robbery: मध्यप्रदेश के इंदौर में अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर एक डिलीवरी बॉय से चाकू की नोंक पर लूट को अंजाम देने वाले जिस जिलाबदर बदमाश को पुलिस टीमें करीब एक हफ्ते से तलाश रही थीं, वह अन्नपूर्णा थाने के पास ही पिस्टल लेकर घूमता मिला। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट का भी केस दर्ज किया गया है। बदमाश की प्रेमिका को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था और अब आरोपी भी पकड़ा गया है।
पिछले गुरुवार को लूट की वारदात जोमैटो फूड डिलीवरी बॉय पीयूष शिंदे के साथ फूटी कोठी रोड पर हुई थी। डिलीवरी बॉय पीयूष शिंदे तब अपने स्कूटर पर ऑर्डर सप्लाई करने के लिए हवा बंगला की ओर जा रहा था। रास्ते में महू नाका के पास दोपहिया सवार युवक-युवती ने पीछा कर उसे रोकने की कोशिश की। पीयूष को शक हुआ तो वो नहीं रुका और स्कूटर की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद आरोपियों ने उसका पीछा किया और फूटी कोठी रोड पर रोका और टक्कर मारकर गिरा दिया था। युवती के साथी बदमाश ने उस पर चाकू से हमले का प्रयास किया तो वह किसी तरह गाड़ी वहीं छोड़कर जान बचाकर भाग गया था। आरोपी उसकी गाड़ी लूट ले गए थे।
पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी युवती को पकड़ लिया था। उसकी पहचान पलक वर्मा निवासी रावजी बाजार के रूप में हुई। पूछताछ में युवती पलक ने साथी बदमाश का नाम प्रिंस बताया। प्रिंस के बारे में पुलिस ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि प्रिंस पिता आनंद विश्नार निवासी गाड़ी अड्डा, रावजी बाजार आदतन गुंडा है। जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ भंवरकुआं थाने में भी एक केस पहले से दर्ज है और एक महीने पहले आरोपी के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की घई थी। अन्नपूर्णा पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी प्रिंस की पुलिस टीमें तलाश कर रही थीं, इसी दौरान लालबाग के पास मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।आरोपी के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट का केस भी दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जा रही है।