मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 करोड़ रुपए देंगे अदानी IMFA ने भी मुख्यमंत्री राहत कोष में 75 लाख रुपए देने का ऐलान
नई दिल्ली।अदानी समूह ने विनाशकारी चक्रवात फानी से प्रभावित ओडिशा के पुनर्वास के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। एक अन्य कंपनी आईएमएफए ने भी मुख्यमंत्री राहत कोष में 75 लाख रुपए देने का ऐलान किया है।
अदानी समूह ने मंगलवार को यहां जारी बयान में बताया कि ओडिशा के मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 करोड़ रुपए देने का वादा किया गया है। इसके अतिरिक्त यह समूह राज्य के प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास कार्यों में भी पूरा सहयोग देगा।
अदानी पोट्र्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी करण अदानी ने यह घोषणा करते हुए कहा कि तात्कालिक सहायता के लिए 25 करोड़ रुपए मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए जाएंगे। भविष्य में उनकी कंपनी पुनर्वास कार्यों के लिए संसाधन भी मुैया कराने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि धामरा पोर्ट कंपनी लिमिटेड (डीपीसीएल) अदानी पोट्र्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन की सहायक इकाई है जो हल्दिया और पारादीप में कार्यरत है। चक्रवात आने की सूचना मिलने के बाद डीपीसीएल के अधिकारियों ने आसपास के ग्राम पंचायतों के संरपचों से भेंट की थी और किसी भी तरह के हादसे होने पर मदद करने का वादा किया था।
अभी कंपनी सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर भोजन, पानी और चिकित्सा कार्यों में मदद कर रही है। इस बीच ओडिशा में कार्यरत एक अन्य कंपनी इंडियन मेटल्स एंड फेरो अल्लॉएज लिमिटेड ( आईएमएफए ) ने भी मुख्यमंत्री राहत कोष में 75 लाख रुपए देने की घोषणा की है।
कंपनी ने कहा कि चौद्वार और सुकिंडा में उसके कर्मचारी प्रभावितों को राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं और क्षेत्र को साफ करने में मदद कर रहे हैं।
Business जगत से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं बाजार, फाइनेंस, इंडस्ट्री, अर्थव्यवस्था, कॉर्पोरेट, म्युचुअल फंड के हर अपडेट के लिए Download करें patrika Hindi News App.