उद्योग जगत

किसानों को होगा फायदा, मोदी सरकार ने बढ़ाया 20 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का मूल्य

केंद्र सरकार ने गन्ने के न्यूनतम मूल्य में 20 रुपए की बढ़ोत्तरी की है।
2 min read
• •
Updated: 19 Jul 2018, 8:39 AM IST
Sugarcane Farming
गन्ना किसानों को मोदी सरकार का बंपर तोहफा, न्यूनतम मूल्य में बढ़ोत्तरी

नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार ने रबी की फसलों की एमएसपी में बढ़ोत्तरी के बाद अब देश के गन्ना किसानों को राहत दी है। केंद्र सरकार ने गन्ने के न्यूनतम मूल्य में बढ़ोत्तरी कर दी है। केंद्र सरकार ने गन्ने के न्यूनतम मूल्य में 20 रुपए की बढ़ोत्तरी की है। अब गन्ने का न्यूनतम मूल्य 255 रुपए से बढ़कर 275 रुपए हो गया है। चुनावी साल में एमएसपी में बढ़ोत्तरी के बाद गन्ने का न्यूनतम मूल्य बढ़ाए जाने को मोदी सरकार का बड़ा दांव बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि किसान बीते चार सालों में मोदी सरकार की ओर से उनके हित में कोई कदम नहीं उठाने से नाराज हैं। गन्ना किसानों में सबसे ज्यादा नाराजगी बताई जा रही है। इसको देखते हुए ही मोदी सरकार ने यह कदम उठाया है। मोदी सरकार के इस फैसले से देश के लाखों किसानों को फायदा होगा।

खाद्य और उपभोक्ता मंत्रालय ने भेजा था प्रस्ताव

खबरों के अनुसार खाद्य और उपभोक्ता मंत्रालय ने कैबिनेट को एक प्रस्ताव भेजकर गन्ने के न्यूनतम मूल्य में 20 रुपए की बढ़ोत्तरी करने की सिफारिश की थी। बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लग गई है। आपको बता दें कि गन्ने की कीमत को एफआरपी कहा जाता है और हर साल गन्ने की खेती का सीजन शुरू होने से पहले इसकी घोषणा की जाती है। चीनी मिलें इसी दर पर किसानों से गन्ना खरीदती हैं।

इस शर्त पर मिलेगी नई कीमत

किसानों के लिए हर साल घोषित होने वाले न्यूनतम मूल्य पर एक शर्त भी लागू होती है। जानकारों के अनुसार किसानों को यह न्यूनतम मूल्य तभी मिलता है जब उस गन्ने से एक तय मात्रा पर चीनी की रिकवरी होती है। इस साल यह मात्रा 10 फीसदी रखी गई है जबकि पिछले साल यह मात्रा 9.5 फीसदी थी। जानकारों का कहना है कि रिकवरी ज्यादा या कम होने पर गन्ने की कीमतों में भी बदलाव हो जाता है।

राज्य सरकारें भी देती हैं बोनस

केंद्र सरकार की ओर से घोषित न्यूनतम मूल्य के अलावा राज्य सरकारें भी अपने प्रदेश के किसानों को बोनस देती हैं। यह बोनस केंद्र सरकार के मूल्य से अतिरिक्त होता है। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश जैसे गन्ना उत्पादक राज्य पहले से ही किसानों को बोनस देते आ रहे हैं. आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही पीएम मोदी ने देशभर के 150 गन्ना किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी थीं। पीएम ने किसानों को उनकी समस्याओं का समाधान करने का वादा किया था।

Updated on:
19 Jul 2018, 8:39 AM IST
Published on: