
बस्ती. छात्रसंघ के एक कार्यक्रम में बस्ती पहुंचे गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री सुरेश सिंह राणा मुंडेरवा में तीन सौ करोड़ से बन रहे सुगर मिल का निरीक्षण करने भी गए। यहां सांसद हरीश द्विवेदी, प्रशासनिक और मिल अधिकारियों के साथ 44 एकड़ में निर्माणाधीन मिल के कार्य को देखा। प्रगति पर संतोष जताया और कहा अगले पेराई सत्र से यह मिल चलेगी। निर्माण कार्य तय सीमा के भीतर ही पूरा किया जाएगा। साप्ताहिक मिल निर्माण के प्रगति की समीक्षा की जा रही है। कहा कि पांच हजार टीसीडी की नई चीनी मिल और 27 मेगावाट बिजली संयंत्र फरवरी 19 में इसे तैयार कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इसकी निर्माण लागत तीन सौ छियासी करोड़ रुपये हैं।
इस दौरान सहकारी गन्ना समिति मुंडेरवा के अध्यक्ष एवं भाकियू नेता दीवानचंद्र पटेल, शोभाराम ठाकुर, आज्ञाराम चौधरी, सुनील कुमार ने रुधौली, वाल्टरगंज और बभनान चीनी मिलों पर बाकी गन्ना मूल्य भुगतान कराने की मांग कि इससे पहले गन्ना विकास मंत्री ने मिल अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण के प्रगति की जानकारी ली। बताया यह चीनी मिल चालू होने से रोजगार के द्वार तो खुलेंगे ही गन्ने के बिक्री को लेकर किसानों को होने वाली दिक्कत भी दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों ने पूर्वांचल और बुंदेलखंड के किसानों और नौजवानों को वोट बैंक के रूप में केवल इस्तेमाल किया। कहा पूर्व की सरकारों ने किसानों पर गोली चलवाई और मिलें बंद की। हमारी सरकार बंद मिलों को चला रही है। किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य दे रही है। गन्ना मंत्री ने कहा किसानों का गन्ने की खेती के प्रति आकर्षण बढ़ा है और सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गन्ना किसानों को सहूलियत दे रही है। मुंडेरवा में चीनी मिल लगने की शुरुआत होने के साथ ही गन्ने का रकबा भी दस प्रतिशत बढ़ा है और यहां रौनक लौट रही है।
By- Satish Srivastava