IPL 2021: इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी। हालांकि टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की बल्लेबाजी इस सीजन में फ्लॉप रही है। आईपीएल के इस सीजन में धोनी के बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं। आईपीएल के इस सीजन में धोनी के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम चेन्नई सुपर किंग्स IPL 2021 में शानदार प्रदर्शन कर रही है। इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी। हालांकि टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की बल्लेबाजी इस सीजन में फ्लॉप रही है। आईपीएल के इस सीजन में धोनी के बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं। इतना ही नहीं आईपीएल के इस सीजन में धोनी के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। दरअसल, आईपीएल के अब तक के सीजन में महेन्द्र सिंह धोनी का स्ट्राइक रेट इस सीजन में सबसे कम रहा है।
इस सीजन में बनाए अब तक सिर्फ इतने रन
आईपीएएल 2021 के सीजन मेंं धोनी ने अब तक 13 मुकाबले खेले हैं। इन 13 मैच में धोनी के बल्ले से सिर्फ 83 रन निकले हैं। वहीं इस सीजन में अब तक धोनी का बेस्ट स्कोर 18 रन रहा है। इस दौरान धोनी ने 98.80 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। यह आईपीएल में अब तक के सीजन में धोनी का सबसे कम स्ट्राइक रेट है। आईपीएल के किसी सीजन में पहली बार धोनी ने 100 से कम की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में धोनी ने 66.66 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। धोनी का यह स्ट्राइक रेट आईपीएल के इतिहास में सबसे कम है। धोनी ने दिल्ली के खिलाफ 27 गेंदों में 18 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक भी बाउंड्री नहीं लगाई।
2013 के सीजन में रही सबसे अच्छी स्ट्राइक रेट
आईपीएल के इतिहास में महेन्द्र सिंह धोनी की सबसे अच्छी स्ट्राइक रेट 2013 के सीजन मे रही है। आईपीएल 2013 में धोनी ने 162.89 की स्ट्राइक रेट से 461 रन बनाए थे। उस सीजन में धोनी ने 18 मैच खेले थे। आईपीएल 2013 में धोनी का बेस्ट स्कोर नाबाद 67 रन रहा। वहीं आईपीएल 2011 में भी धोनी की स्ट्राइक रेट अच्छी रही। आईपीएल 2011 में धोनी की स्ट्राइक रेट 158.70 रही। इस सीजन में धोनी ने 16 मैचों में 392 रन बनाए थे।
पिछला सीजन रहा खराब
महेन्द्र सिंह धोनी और उनकी टीम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल का पिछला सीजन बहुत खराब रहा। आईपीएल 2020 में धोनी ने 116.27 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। पिछले सीजन में धोनी ने 14 मुकाबले खेले और उनमें 200 रन बनाए थे। आईपीएल में धोनी ने अब तक कुल 217 मुकाबले खेल चुके हैं। इन मैचों में धोनी ने 4715 रन बनाए हैं। आईपीएल में उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 84 रन रहा है।