
Jabalpur News : मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित बरगी बांध के जलग्रहण इलाके में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ती जा रही है। रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना बरगी बांध की सुरक्षा और जल स्तर को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने जल निकासी बढ़ा दी है। अब बरगी बांध के 21 में से 13 गेट खोल दिए गए हैं, जिससे 3 हजार 752 क्यूमेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है।
आपको बता दें कि, शनिवार 26 सितंबर की सुबह 11 बजे से डैम के 9 गेट औसतन 1.83 मीटर ऊंचाई तक खोलकर करीब 2522 क्यूसेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा था। हालांकि, पानी की आवक इसके बावजूद भी तेजी से हढ़ती रही, जिसे मद्देनजर रखते हुए दोपहर 3:00 बजे से जल निकासी को और बढ़ाते हुए कुल 13 गेटों को औसतन 1.88 मीटर तक खोल दिया गया है, जिसके चलते अब नर्मदा नदी में करीब 3752 क्यूसेक पानी छोड़ा जाने लगा है।
डैम से जल निकासी में की गई बढ़ोतरी के चलते नर्मदा नदी के तटीय घाटों पर करीब 12 से 14 फीट तक जल स्तर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष एवं सहायक यंत्री की ओर से सर्वसाधारण और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि, वो नर्मदा नदी के घाटों एवं तटीय इलाकों से सुरक्षित दूरी बनाकर रखें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, बांध में पानी की आवक के अनुसार जल निकासी की मात्रा को परिस्थिति के अनुरूप कभी भी घटाया या बढ़ाया जा सकता है, इसलिए सभी नागरिक सतर्क रहें और सावधानियां बरतें। तटीय क्षेत्रों के निचले इलाकों में भी नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।