26 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

उफनती नर्मदा ने बढ़ाई मंडला के तटीय इलाकों की टेंशन, बदला गणेश विसर्जन का घाट, नावघाट कुंड डूबा

Narmada Water Level : नर्मदा का जलस्तर बढ़ने से जिले के तटीय इलाकों को लेकर प्रशासन की टेंशन बढ़ गई है। घाटों पर होमगार्ड और पुलिस बल तैनात किए गए। नावघाट का विसर्जन कुंड डूबा, अब संगम घाट पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होगा।
2 min read
Google source verification
Narmada Water Level

लगातार बारिश से बढ़े नर्मदा के जलस्तर ने बढ़ाई टेंशन (फोटो सोर्स: Patrika)

Mandla News :मध्य प्रदेश के मंडला जिले के साथ - साथ आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश के चलते जीवनदायिनी मां नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी उफान पर है और तेज बहाव के चलते तटीय इलाकों में चिंता बढ़ गई है। जिला मुख्यालय में एक बार फिर छोटा रपटा पुल पानी में डूब गया है। पुल से करीब तीन से चार फिट ऊपर पानी का तेज बहाव के साथ गुजर रहा है। आपको बता दें कि, इस सीजन में ये पांचवीं बार है, जब छोटा रपटा पुल डूबा है।

नर्मदा के बढ़ते जलस्तर के कारण स्थानीय प्रशासन के साथ - साथ नदी किनारे की निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। पानी घाटों के ऊपरी हिस्सों तक पहुंचने लगा है। बारिश का दौर जारी रहने पर निचले इलाकों में पानी पहुंचने की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। प्रमुख घाटों, जोखिम वाले स्थानों और निचली बस्तियों में पुलिस तथा होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं।

नावघाट का विसर्जन कुंड डूबा

गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नावघाट में बनाया गया विसर्जन कुंड भी नर्मदा के बढ़े जलस्तर में डूब गया है। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने अब मंडला शहर की गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए संगम घाट महाराजपुर को निर्धारित किया है। प्रशासन ने गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि वे प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित संगम घाट पर ही करें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें।

घाटों पर जाने से बचने की अपील

प्रशासन ने लोगों से उफनती नर्मदा के किनारे नहीं जाने की अपील की है। नदी में नहाने, तैरने या सेल्फी लेने जैसे जोखिम भरे कार्यों से बचने तथा बच्चों को घाटों से दूर रखने की हिदायत दी गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए होमगार्ड, पुलिस, गोताखोरों और आपदा प्रबंधन दल को भी सतर्क रखा गया है। प्रशासन लगातार जलस्तर और तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।