
raksha bandhan 8 year old girl walks 5 km to police station, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर (source- gemini)
Mandla Girl Walks 5 km To Police Station: मध्यप्रदेश के मंडला जिले में एक तरफ जहां रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जा रहा था वहीं इसी बीच बिछिया थाना क्षेत्र के नेवसा (कोटवार टोला) गांव में एक बड़ी घटना हो गई। यहां दो भाइयों के बीच हुए विवाद ने बड़ा रुप ले लिया और छोटे भाई ने बड़े भाई की जान ले ली। घटना की जानकारी आरोपी की 8 साल की बेटी ने खुद 5 किमी पैदल चलकर पुलिस थाने पहुंचकर दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
नेवसा (कोटवार टोला) गांव में रहने वाले बाजारी मरकाम (45) और उसके छोटे भाई अनिल मरकाम (40) के रक्षाबंधन के दिन घर में खाना बनाने की बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों ने साथ में बैठकर शराब पी थी और फिर उनके बीच घर में मुर्गा बनाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि छोटे भाई अनिल मरकाम ने बड़े भाई बाजारी मरकाम की जान ले ली। घटना के वक्त आरोपी अनिल मरकाम की 8 वर्षीय बेटी घर पर मौजूद थी, जिसने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी।
घटना के बाद बच्ची घबराई नहीं और वो 5 किमी पैदल चलकर बिछिया थाने पहुंची। थाने पहुंचकर बच्ची ने पुलिसकर्मियों से कहा कि मेरे बड़े पापा उठ नहीं रहे हैं, पापा ने उन्हें मारा था, मेरे घर चलिए। बच्ची की बात सुनकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। वारदात के बाद से आरोपी छोटा भाई अनिल मरकाम फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि खाना बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या की है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु कर दी गई है, फिलहाल आरोपी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। त्योहार के दिन हुई इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Updated on:
28 Aug 2026 04:02 pm
Published on:
28 Aug 2026 03:57 pm
