जबलपुर

जबलपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत, परिजन का आरोप- डॉक्टरों ने जान ली

Youth Dies : इलाज के दौरान 19 वर्षीय युवक की मौत के बाद परिजन ने डॉक्टर पर गलत इलाज करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है। जांच के बाद मौत का वास्तविक कारण सामने आएगा।
2 min read
Youth Dies
निजी अस्पताल के बाहर विलाप करते परिजन (फोटो सोर्स: Patrika)

Jabalpur News :मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के अंतर्गत आने वाले कटंगी थाना इलाके की बेलखाड़ू चौकी माल बाबा मंदिर के सामने स्थित अश्विनी हॉस्पिटल में उपचार के दौरान 19 वर्षीय युवक की मौत के बाद परिजन द्वारा अस्पताल के डॉक्टरों पर गलत उपचार और लापरवाही का आरोप लगाते हुए जान लेने का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल, घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि, जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम झगरा में रहने वाले 19 वर्षीय शेखर चौधरी, पिता जगदीश चौधरी की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे उपचार के लिए इलाके के निजी अश्विनी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजन का कहना है कि, अस्पताल में उपचार शुरू होने के बाद युवक की हालत बिगड़ गई। कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन में आक्रोशित हो गए, जिसके चलते मौके पर चिंता का माहौल बन गया।

परिजन का आरोप

परिजन का आरोप है कि, अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा युवक का उपचार सही ढंग से नहीं किया गया, जिसके चलते उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उपचार के दौरान हुई किसी भी संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। हालांकि, अबतक की पुलिस जांच में उपचार में लापरवाही की पुष्टि नहीं हो सकी है।

मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस

इधर, परिजन द्वारा किए जा रहे हंगामे की जानकारी लगते ही कटंगी थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह राजपूत और बेलखाड़ू चौकी प्रभारी अमित मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया और युवक की मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी ने कही ये बात

मामले की जानकारी देते हुए कटंगी थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि, शेखर चौधरी की तबीयत खराब होने पर उसके परिवार के लोग उपचार के लिए उसे अश्विनी क्लिनिक लेकर पहुंचे थे। उपचार के दौरान उसकी मौत होने की जानकारी सामने आई है। परिजन की ओर से उपचार में लापरवाही के आरोप लगाया गया है, जिसे मद्देनजर रखते हुए शिकायत दर्ज कर पुलिस जांच शुरु कर दी गई है।

जल्द सामने आएगा सच

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान उपचार से संबंधित दस्तावेज, परिस्थितियों और अन्य जरूरी तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच और जरूरी चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद ही ये स्पष्ट हो सकेगा कि, युवक की मौत की वास्तविक वजह क्या थी और उपचार के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही हुई थी या नहीं।

Updated on:
03 Oct 2026 07:49 pm
Published on:
03 Oct 2026 07:03 pm