सिविल लाइंस में आयोजन, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को देखकर चौंक गए कार्यकर्ता
जबलपुर। रंगों के पर्व होली की धूम है। रंग-गुलाल से लोग सरोबार है। हर तरफ मस्ती का माहौल है। इस मौके पर शहर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी जमकर रंग बरसा रहे है। लेकिन उनकी होली उस समय और भी सतरंगी हो गई जब सिविल लाइंस में भाजपा कार्यकर्ताओं के एक होली मिलन समारोह में अचानक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पहुंच गए। उन्हें देखते ही कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो गया। पहले तो नेताओं ने कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी। उसके बाद उनके साथ डांस भी किया।
...और रह गए हैरान
सिविल लाइंस में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धुरेड़ी के अवसर पर एक कार्यक्रम किया। जहां, गुलाल उड़ाते हुए कार्यकर्ता होली के गीतों पर डांस कर रहे थे। होली रंग का घुल ही रहा था कि अचानक पीएम मोदी, सीएम शिवराज और भाजपा अध्यक्ष शाह का मुखौटा लगाकर कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। पहले तो कार्यकर्ता चौंके लेकिन कुछ ही देर में पीएम का मुखौटा लगाकर कई कार्यकर्ता आ गए। इसके बाद होली का माहौल ही बदल गया। कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेताओं की फोटो के साथ ही जमकर होली खेला। फोटो में रंग लगाने के साथ ही कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर भी खूब रंग उड़ेला और जमकर मस्ती की।
सांसद ने भी खेली होली
सांसद राकेश सिंह के आवास में भी शुक्रवार को होली मिलन समारोह हुआ। जहां, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। सांसद ने कार्यकर्ताओं ने होली की शुभकामनाएं दी और तिलक लगाकर उनका अभिभावादन किया। फाग की प्रस्तुति के बीच कार्यकर्ताओं ने मस्ती भी की। इस मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
खबू बिकी पीली मिट्टी
होली के मौके पर रंग-गुलाल के बीच पीली मिट्टी का भी जमकर उपयोग हुआ। सुबह से शहर की गलियों में पीली मिट्टी की बोरी बिकते देखी गई। शहर की हर गली और कॉलोनी में जब होली के अलग-अलग रंग बिखरें तो उसके साथ ही ये पीली मिट्टी का गुबार भी उठा। रसायनिक रंगों के खतरों से बचने के लिए होली पर एक-दूसरे को रंगने के लिए लोगों ने जमकर पीली मिट्टी उड़ाई।