
Jabalpur Car Bike Accident: मध्यप्रदेश के जबलपुर के सिहोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई। हादसा नेशनल हाईवे-30 पर मोहसाम गांव के पास हुआ। हादसे में बाइक सवार दोनों लोगों की मौत हो गई है, मृतकों की पहचान ग्राम खुड़ावल निवासी करण सिंह लोधी (75) और उमाशंकर लोधी (55) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक से खुड़ावल से दिनारी खम्हरिया में सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक खुड़ावल गांव के रहने वाले करण सिंह लोधी और उमाशंकर लोधी सामाजिक कार्यक्रम में जाने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वो मोहसाम के पास पहुंचे तभी जबलपुर की ओर से आ रही काले रंग की तेज रफ्तार कार (क्रमांक यूपी 16 डीजेड 1243) ने उनकी बाइक को सामने से सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चला रहे करण सिंह उछलकर कार के सामने वाले हिस्से पर जा गिरे। सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोट आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उमाशंकर के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें निजी एंबुलेंस से सिहोरा अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए जबलपुर ले जा रहे थे, लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में उमाशंकर ने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार और बाइक के संबंध में जानकारी जुटाई और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम हो गया, मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को सड़क किनारे कराया और ट्रैफिक जाम खत्म कराया।