जबलपुर

सर्जिकल स्ट्राइक पर दिग्विजय सिंह का विवादित बयान, कांग्रेस नेता ने आर्मी अफसरों पर भी किया कमेंट

विवादित टिप्पणियां कीं
2 min read
May 31, 2018
controversial statement of digvijay singh on surgical strike
controversial statement of digvijay singh on surgical strike

जबलपुर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। दिग्विजय सिंह ने इस बार सर्जिकल स्ट्राइक पर अपना मुंह खोला है। उन्होंने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर विवादित टिप्पणियां कीं। पत्नी अमृता राय सिंह के साथ शहर के दौरे पर आए दिग्विजय सिंह इस मामले में आर्मी अफसरों पर भी कमेंट किया।


हमने नहीं मचाया हल्ला
दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से कहा- सर्जिकल स्ट्राइक नई बात नहीं है। पहले भी ऐसे कदम उठाए गए हैं। सर्जिकल स्ट्राइक पर मोदीजी और अमित शाह खूब हो हल्ला मचा रहे हैं। सर्जिकल स्ट्राइक पहले भी हुईं पर हमने कभी हल्ला नहीं मचाया। अमित शाह द्वारा मंगलवार को पूर्व थल सेना अध्यक्ष दलबीर सिंह के घर जाकर उन्हें किताब सौंपने के संबंध में भी पत्रकारों ने उनसे सवाल पूछा। इसपर दिग्विजय सिंह ने कहा कि जनरल से लेकर सिपाही तक आर्मी के सभी अधिकारी हमारे लिए सर्वमान्य हैं।


प्रणब- आरएसएस की जानकारी नहीं
उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा आरएसएस के कार्यक्रम में जाने की मंजूरी देने के संबंध में पूछे गए प्रश्र के जवाब में कहा कि इसके बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने इस मौके पर प्रदेश की भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के किसानों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उपज का मूल्य नहीं मिल रहा। केवल मप्र ही नहीं बल्कि महाराष्ट्र, छग, गुजरात के किसान भी सरकार से नाराज है।


कांग्रेसजनों की एकजुटता के लिए यात्रा
पत्नी अमृता राय सिंह के साथ जबलपुर आए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसजनों की एकजुटता के लिए वे गुरुवार को ओरछा से एकता यात्रा शुरू करेंगे। यह एकता यात्रा पूरे प्रदेश में की जाएगी। बाद में वे कटनी के लिए रवाना हो गए।

Published on:
31 May 2018 01:54 pm