जबलपुर

शिष्य को परिजनों से मिलने से क्यों रोकता था प्रेमानंदजी का आश्रम! रसिक दुलारी शरण मामले में बड़ा अपडेट

Premanandji : जबलपुर निवासी रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी मामले की चल रही जांच, मां पिता के आरोपों की पड़ताल कर रही पुलिस
2 min read
• •
Oct 09, 2026
family members of premanandji disciple rasik dulari sharan will get justice
रसिक दुलारी शरण image Patrika

Premanandji : वृंदावन के विश्व विख्यात संत प्रेमानंदजी के शिष्य जबलपुर निवासी रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की 25 सितंबर को हुई संदिग्ध मौत का मामला अभी सरगर्म है। उनकी 'गुरु कृपा कुंज' आश्रम में गिरने से मौत हो गई थी। रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी के साथ हुई इस घटना की मथुरा पुलिस जांच करने में जुटी है। इधर शुक्रवार को भी उनके जबलपुर स्थित पुश्तैनी घर में मातम पसरा है। मां पिता व अन्य परिजन मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी के मां पिता शुरु से यह कह रहे हैं कि दीक्षा लेने के बाद बेटे को उनसे मिलने तक नहीं दिया जाता था। खास बात यह है कि अब मथुरा पुलिस भी इस आरोप की पड़ताल करने में जुट गई है। इसके लिए जांच टीम, रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी के परिजनों से भी बात करेगी। पुलिस जांच से मामले की परतें खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।

रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी ने 2 साल पहले संत प्रेमानंदजी से दीक्षा ले ली थी। इसके बाद वे आश्रम में रहने लगे और भक्ति में रम गए। रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी ने परिजनों से भी संबंध तोड़ लिए। यहां तक कि अपने मां पिता से भी बातचीत करना बंद कर दिया। रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी ने तब अपने पास कोई मोबाइल भी नहीं रखा था। वे दिनभर आश्रम में ही व्यस्त रहने लगे थे।

प्रेमानंदजी के आश्रम से परिजनों को रसिक दुलारी शरण को उनके गिरने से घायल होने की सूचना दी गई थी। परिजन तुरंत जबलपुर से चलकर दूसरे दिन वृंदावन पहुंच गए। वहां मालूम चला कि रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की सांसें थम चुकी हैं। बाद में वृंदावन में ही उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था।

आश्रम के कड़े नियमों का पालन

बेटे की मौत के बाद रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी के पिता चेतराम और मां लौंग बाई का रो रोकर बुरा हाल हो चुका है। दोनों का कहना है कि उनका बेटा बहुत सीधा सरल था। उसके साथ बहुत गलत हुआ है। रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी के पिता चेतराम और मां लौंग बाई ने यह भी कहा कि हमारा बेटा आश्रम के कड़े नियमों का पूरी तरह पालन कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि आश्रम के लोगों ने कभी रसिक दुलारी शरण को हमसे मिलने तक नहीं दिया। हमारी बात तक नहीं कराई जाती थी।

मां पिता के बयान लेने की तैयारी

मां पिता के इन आरोपों को रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी मामले की जांच कर रही मथुरा पुलिस ने गंभीरता से लिया है। जांच अधिकारी इन आरोपों की पड़ताल कर रहे हैं। इसके लिए जहां आश्रम प्रबंधन और वहां रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है वहीं मां पिता के बयान भी लेने की तैयारी चल रही है। शुक्रवार को परिजनो ने बताया कि मथुरा पुलिस की टीम बयान लेने जबलपुर आएगी।

Updated on:
09 Oct 2026 01:13 pm
Published on:
09 Oct 2026 11:52 am