MP News- जबलपुर नगर निगम कार्यालय में रक्षाबंधन पर बंद हुए कुत्ते को बचाने घंटाभर मशक्कत हुई। जेसीबी की मदद से पहली मंजिल से कुत्ते को सुरक्षित निकाला गया।
MP News- जबलपुर नगर निगम (Jabalpur Nagar Nigam) के जोन कार्यालय में बंद एक कुत्ते को बचाने के लिए खूब हायतौबा मची। कार्यालय बंद था। निगम कर्मी घर जा चुके थे। पहली मंजिल पर फंसा कुत्ता जान बचाने के लिए लगातार भौंक रहा था। घंटेभर की मशक्कत के बाद लोगों ने जेसीबी के जरिए उसका रेस्क्यू किया।
दरअसल, रक्षाबंधन (Rakshabandhan) पर शुक्रवार को दमोह नाका स्थित निगम दफ्तर का दरवाजा खुला देख कुत्ता घुस गया। किसी कर्मचारी ने उसे नहीं देखा। कुत्ता पहली मंजिल पर जाकर बैठ गया। शाम में नगर निगम के कर्मचारी दफ्तर बंद कर घर चले गए। शाम घिरी तो कुत्ता भौंकने लगा। लगातार उसके भौंकने की आवाज सुनकर लोग जुटे तो उसे निकालने की जद्दोजहद शुरू की। लोगों ने खूब जतन किए। ऊंची सीढ़ी लगाई पर नहीं निकाल सके।
एक घंटे तक चली मशक्कत के बाद भी जब लोग कुत्ते को नहीं उतार सके, तब जेसीबी मंगवाई जेसीबी से एक आदमी ऊपर पहुंचा। कुत्ते को डग में खींच लिया। लोगों की इंसानियत से कुत्ते की जान बची।