
Jabalpur News :मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में वाहन चैकिग के दौरान माढ़ोताल पुलिस ने दो युवकों को 32 लाख रुपए नकद के साथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि, दोनों युवक मोपेड पर सवार होकर जा रहे थे। तलाशी में मोपेड की डिक्की से रकम बरादम हुई है। वाहन की डिक्की में इतनी रकम देखकर पुलिस भी दंग रह गई। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, लेकिन रुपए किसके हैं और कहां ले जाए जा रहे थे, दोनों ने ये जानकारी पुलिस को नहीं दी। फिलहाल, रुपयों के हवाला के होने की आशंका के चलते पुलिस ने आयकर विभाग को इसकी सूचना दी है।
मामले की जानकारी देते हुए माढ़ोताल पुलिस ने बताया कि, थाने के सामने मंगलवार शाम को वाहन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा था। तभी एक मोपेड में सवार दो युवक मार्ग से निकले। पुलिस को सामने खड़ा देख दोनों वाहन सवार सकपका गए और एकाएक भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस को उनपर संदेह हुआ तो टीम ने दौड़कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में युवकों ने अपना नाम गोहलपुर में रहने वाले आयुष लालवानी और पाटन में रहने वाले शुभम कुशवाहा बताया। पुलिस ने जब उनकी मोपेड की डिक्की खोली, तो देखा कि, उसमें 32 लाख रुपए नकद रखे हुए थे। पुलिस ने रकम के बारे मे पूछताछ की, लेकन दोनों कोई जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस ने पूरी राशि और मोपेड को जब्त करते हुए दोनों संदिग्धों को कस्टडी में ले लिया।
मामले की जानकारी माढ़ोताल पुलिस ने आयकर विभाग की टीम को दी। इसके बाद टीम भी मौके पर पहुंच गई है। आयकर विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रकम हवाला कारोबार से जुड़ी होने की आंशका है। कैरियर्स इस रकम को आसपास के जिलो में ले जा रहे थे। जहां से आगे दूसरा कैरियर इस रकम को ठिकाने पर पहुंचाता। इस पूरे मामले में बंटी नाम के हवाला कारोबारी का नाम भी सामने आया है, लेकिन पुलिस ने अबतक इसकी आधिकारिक पुष्टी नहीं की है। फिलहाल, जांच जारी है।