जबलपुर

अमेरिका में भारतीय ध्वज फाड़ने पर जबलपुर में हुआ विरोध, सरकार की चुप्पी पर उठे सवाल

Indian Flag Insult In America : जबलपुर में युवाओं ने अमेरिका में तिरंगे के अपमान पर खासा आक्रोश जताया। 'नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन' के बैनर तले बड़ी संख्या में युवा मालवीय चौक पर जमा होकर विरोध व्यक्त किया।

2 min read
Indian Flag Insult In America
अमेरिका में भारतीय ध्वज फाड़ने पर जबलपुर में हुआ विरोध (Photo Source- Input)

Jabalpur Protest : भारत के करीबी दोस्त कहे जाने वाले अमेरिका में अमेरिकी मूल के एक नागरिक द्वारा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को फाड़ने और अपमानित करने के बाद अब भारत में घटना का विरोध बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के जबलपुर में युवाओं ने भी तिरंगे के अपमान पर खासा आक्रोश व्यक्त किया है। 'नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन' (NEYU) के बैनर तले संघ के जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा के नेतृत्व में शहर भर से भारी संख्या में युवा मालवीय चौक पर जमा हुए और अमेरिकी नागरिक के खिलाफ विरोध व्यक्त किया। इस दौरान केंद्र सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाए गए।

प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने अमेरिकी नागरिक द्वारा किए गए कृत्य पर रोष व्यक्त करते हुए उसकी हरकत पर कड़े शब्दों में निंदा करते नजर आए। यही नहीं, उन्होंने भी अमेरिकी झंडे को फाड़कर अपना विरोध व्यक्त किया।

सरकार मौन क्यों?

अमेरिका में भारतीय ध्वज फाड़ने पर जबलपुर में हुआ विरोध (Photo Source- Input)

इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, 'देश का अपमान होने के बावजूद सत्ता में बैठे लोगों द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब तक कोई कड़ी प्रतिक्रिया या कड़ा विरोध नहीं जताया गया है। सरकार का ये बर्ताव भी निंदनीय है।' युवाओं ने स्पष्ट संदेश दिया है कि, 'भले ही सरकार इस मुद्दे पर मौन रहे, लेकिन देश का युवा, जवान और किसान देश के सम्मान से किसी तरह का समझौता नहीं करेगा और ऐसी हरकतों का मुंहतोड़ जवाब देने का कार्य करेगा।'

मालवीय चौक बना विरोध का केंद्र

इस दौरान प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने न सिर्फ हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए, बल्कि भारतीय सम्मान के पक्ष में अपनी आवाज बुलंद की। जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा के नेतृत्व में ये प्रदर्शन आयोजित किया गया। युवाओं ने अमेरिकी नागरिक द्वारा तिरंगे के कथित अपमान की कड़े शब्दों में निंदा की। विरोध जताने के लिए उन्होंने भी अमेरिका के झंडे की प्रतियां फाड़ीं।

अमेरिका से वायरल हुआ तिरंगे के अपमान का वीडियो

अमेरिका में भारतीय ध्वज का अपमान (Photo Source- Viral Video Screenshot)

हाल ही में सोशल मीडिया के अलग अलग प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ है। वीडियो टेक्सास स्थित सरकारी भवन के बाहर का बताया जा रहा है, जिसमें एक अमेरिकी शख्स भारतीय राष्ट्रीय ध्वज को फाड़ता दिखा। वीडियो को शेयर करने वाले अकाउंट इसे भारतीय प्रवासियों के विरोध से जोड़कर बता रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। बड़ी संख्या में लोग इसे भारत के सम्मान पर हमला बताकर नाराजगी जता रहे हैं।

Published on:
08 Jun 2026 12:34 pm