8 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पीएम सूर्य घर योजना के तहत एमपी में 1.33 लाख सौर स्थापित, 942 करोड़ सब्सिडी बांटी गई

PM Surya Ghar Yojana : पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत एमपी में सौर ऊर्जा अपनाने की रफ्तार तेजी से बढ़ी। अब तक 1 लाख 33 हजार 121 सौर संयंत्र स्थापित हुए। वहीं, हितग्राहियों को अब तक 942.19 करोड़ से अधिक की सब्सिडी दी जा चुकी है।

2 min read
Google source verification
PM Surya Ghar Yojana

पीएम सूर्य घर योजना के तहत एमपी में 1.33 लाख सौर स्थापित (Photo Source- Patrika)

Solar Units Installed In MP : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मध्य प्रदेश में सौर ऊर्जा अपनाने की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। इसी के तहत राज्य में अब तक 1 लाख 33 हजार 121 सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिनसे 498.03 मेगावॉट की सौर ऊर्जा क्षमता विकसित हो रही है। इसी के चलते हितग्राहियों को अब तक 942.19 करोड़ रुपए से अधिक की सब्सिडी भी प्रदान की जा चुकी है।

मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि, योजना के माध्यम से प्रदेश के परिवार ऊर्जा आत्मनिर्भर बन रहे हैं। ये योजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और आमजन को आर्थिक राहत देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभियान बनकर उभरी है।

पश्चिम क्षेत्र सबसे आगे

मध्य प्रदेश की तीनों विद्युत वितरण कंपनियों में पश्चिम क्षेत्र की विद्युत वितरण कंपनी योजना के क्रियान्वयन में सबसे आगे रही है। यहां 54,773 सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे अब तक 56,247 परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। क्षेत्र में 202.07 मेगावॉट क्षमता की बिजली उत्पादन विकसित हो रही है, साथ ही 389.31 करोड़ रुपए से अधिक की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है।

मध्य क्षेत्र में 50 हजार से अधिक परिवारों को लाभ

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी क्षेत्र में अबतक 47,734 सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे 50,323 परिवारों को लाभ मिल रहा है। यहां 185.09 मेगावॉट क्षमता की बिजली उत्पादन विकसित हुई है और 339.28 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी जारी की जा चुकी है।

पूर्व क्षेत्र में 213.60 करोड़ सब्सिडी वितरित

वहीं, पूर्व क्षेत्र की बात करें तो पूर्व विद्युत वितरण कंपनी क्षेत्र में 30,614 सौर संयंत्र स्थापित हुए हैं, जिनसे 30,899 परिवार लाभान्वित हुए हैं। यहां 110.87 मेगावॉट क्षमता विकसित की गई है और 213.60 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी वितरित की गई है।

उपभोक्ताओं को मिल रही सब्सिडी

योजना के तहत 1 किलोवॉट क्षमता के सौर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवॉट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवॉट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आ रही है और वे स्वच्छ ऊर्जा का लाभ उठा रहे हैं।

क्या कहते हैं प्रमुख आंकड़े

-स्थापित सौर संयंत्र: 1,33,121
-विकसित सौर क्षमता: 498.03 मेगावॉट
-वितरित सब्सिडी: 942.19 करोड़ रुपये
-लाभान्वित परिवार: 1.37 लाख से अधिक
-अधिकतम सब्सिडी: 78,000 रुपये तक