जबलपुर

एमपी में साधु की निर्मम हत्या, जिस मंदिर का निर्माण करा रहे थे वहीं मिला शव

MP News: बांध के पास बने मंदिर का जीर्णोद्धार करा रहे साधु की धारदार हथियार से बेरहमी से ताबड़तोड़ वार कर की गई हत्या, मंदिर के पास बनी कुटिया में मिला शव।
2 min read
Apr 26, 2026
jabalpur
Sadhu Found Murdered Near Temple at Bargi Dam

MP News: मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक साधु की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना जबलपुर से करीब 40 किमी दूर बरगी डैम इलाके की है जहां डैम के पास बने एक मंदिर के पास 67 वर्षीय साधु का खून से लथपथ हालत में शव उनकी कुटिया में मिला है। साधु के शरीर पर धारदार हथियार से वार के गहरे घाव मिले हैं। साधु का शव जिस मंदिर के पास मिला है वो उसी मंदिर का जीर्णोद्धार करा रहे थे। घटना का पता उस वक्त चला जब मंदिर में काम करने वाले मजदूर पहुंचे तो साधु के नजर न आने पर कुटिया के पास उनका शव नजर आया।

धारदार हथियार से साधु की हत्या

बरगी बांध के पास कुटिया में रहने वाले साधु ताराचंद कुशवाहा उर्फ तारा पुरी (67 वर्ष) की निर्मम हत्या कर दी गई। शरीर पर धारदार हथियार से एक के बाद एक आठ वार किए गए। बरगी पुलिस ने बताया कि बरगी बांध के पास भोलेनाथ का मंदिर है। पास में ही एक कुटिया है। इसमें तीन साल से सिवनी घंसौर निवासी ताराचंद कुशवाहा उर्फ तारा पुरी रहते थे। वे मंदिर और कुटिया का जीर्णोद्धार करा रहे थे। रोजाना की तरह लोगों ने उन्हें शाम को मंदिर और फिर कुटिया के पास देखा था। दूसरे दिन जब सुबह काम करने वाले मंदिर पहुंचे तो तारा पुरी नजर नहीं आए, तो काम करने आए लोग कुटिया पहुंचे। वहां खून से लथपथ उनका शव पड़ा था, जिसकी सूचना तुरंत मजदूरों ने पुलिस को दी।

पूरे शरीर पर वार

सूचना पर बरगी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाया गया। पुलिस के अनुसार तारा पुरी के सीने, पेट, समेत शरीर में अन्य जगह सात से आठ वार किए गए थे, जिसके कारण उनकी मौत हुई है। पुलिस ने ताराचंद के परिजन को हत्या की जानकारी दी। दोपहर बाद परिजन बरगी पहुंचे। उसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जमीन विवाद में हत्या की आशंका

मंदिर में मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया है कि साधु ताराचंद का जमीन को लेकर अपने परिवार से विवाद चल रहा था। सिवनी तहसील में इस मामले में पेशी थी और ताराचंद पेशी के लिए भी गए थे। बताया गया है कि ताराचंद का एक बेटा है जो कि परिवार के साथ मंडला में रहता है, ईश्वपुर गांव में ताराचंद की चार एकड़ जमीन है जिसकी कीमत करीब 80-85 लाख है और इसी जमीन को लेकर परिवार के भाई-बहनों से उनका विवाद चल रहा है।

Updated on:
26 Apr 2026 05:04 pm
Published on:
26 Apr 2026 05:04 pm