जबलपुर

शादी के 13 साल बाद हुए जुड़वां बच्चे, कुछ घंटों बाद ही मातम में बदली खुशियां

MP News: मध्यप्रदेश के जबलपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शहर में रहने वाले पटेल परिवार में शादी के 13 साल बाद जुड़वां बच्चे होने से खुशी की लहर छाई थी। लेकिन, कुछ घंटों में ही नवजातों की मौत से खुशी मातम में बदल गई।
2 min read
Sep 26, 2025
Twins born after 13 years of marriage
Jabalpur Twins Death (फोटो सोर्स : मेटा एआई जेनरेटेड)

MP News: मध्यप्रदेश के जबलपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शहर में रहने वाले पटेल परिवार में शादी के 13 साल बाद जुड़वां बच्चे होने से खुशी की लहर छाई थी। लेकिन, कुछ घंटों में ही नवजातों की मौत से खुशी मातम में बदल गई। खजरी खिरिया निवासी रामराज पटेल का परिवार सदमे में है। 17 सितंबर को उनकी पत्नी ने विजय नगर स्थित मातृम ऑर्थो एंड गायनिक सेंटर में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। लेकिन, दो दिन में दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया। परिजन ने अस्पताल पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा को शिकायत सौंपी है।

CMHO ने टीम गठित कर दिए जांच के आदेश

सीएमएचओ ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। इस सम्बंध में सेंटर की चिकित्सक डॉ. सोनल रिछारिया से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। रामराज ने बताया, डॉ. सोनल ने प्रसव कराया। आरोप है कि जन्म के बाद शिशुओं की जांच नहीं की गई। उसी दिन शाम को बच्चे पीले दिखाई देने लगे। अस्पताल स्टाफ व डॉ. रिछारिया को भी बताया, लेकिन उन्होंने कहा, बच्चे ठीक हैं, थोडा धूप दिखा देना, ठीक हो जाएंगे।

दोनों बच्चों को था पीलिया

18 सितंबर को बच्चों में और ज्यादा पीलापन दिखाई दिया, तब भी डॉ. रिछारिया ने बच्चों की स्थिति ठीक बताई। लेकिन, शाम को पीलिया का टेस्ट कराया, तो बताया गया कि एक शिशु को 19 और दूसरे को 20 प्रतिशत पीलिया है। इसके बाद शिशुओं को उखरी रोड स्थित अस्पताल में एडमिट किया, जहां एक की मौत हो गई। दूसरे को नागपुर ले जाने के लिए कह दिया गया। नागपुर ले जाने के बाद निजी अस्पताल में दूसरे ने भी दम तोड़ दिया। परिजन का आरोप है कि सेंटर में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही बरती गई, इसी के कारण कारण उनकी जान गई। मामले की जांच की मांग की गई।

पीड़ित परिवार की शिकायत पर मातृम ऑर्थो एंड गायनिक सेंटर के खिलाफ जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है।- डॉ. संजय मिश्रा, सीएमएचओ

Updated on:
26 Sept 2025 01:33 pm
Published on:
26 Sept 2025 01:33 pm