
Rasik Dulari Sharan Case : एमपी के जबलपुर की नर्मदा बस्ती, फरहदुली के लोग दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण को भूल नहीं पा रहे हैं। उनके पुश्तैनी घर में मंगलवार को भी मातम पसरा है। वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेनेवाले रसिक दुलारी शरण की 25 सितंबर को आश्रम में संदिग्ध मौत हो गई थी। रसिक दुलारी शरण के मां, पिता, भाई बहन एक स्वर से पुलिस थ्यौरी को पूरी तरह नकार रहे हैं। परिजन ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। इधर मथुरा पुलिस अपनी पड़ताल में जुटी है। जांच अधिकारी यह पता करने का प्रयास कर रहे हैं रसिक दुलारी शरण, आश्रम में दिनभर क्या करते थे। उनकी रूटीन से मौत की वजह सामने आ सकती है।
जबलपुर के रहनेवाले युवा दीपक लोधी एकाएक संसार से विरक्त हो गए थे। वे सेना में जाना चाहते थे लेकिन जब यह नहीं हो सका तो दुनियावी मामलों से दूर हट गए। दीपक लोधी, सांसारिक क्रियाकलापों की बजाए धर्म कर्म में ज्यादा रुचि लेने लगे थे। 2 साल पहले वे वृंदावन चले गए जहां प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेकर रसिक दुलारी शरण के रूप में सन्यासी का जीवन शुरु किया। पिछले माह उनकी 4 मंजिला इमारत से गिरकर मौत हो गई। इस घटनाक्रम की देशभर में चर्चा चल रही है। रसिक दुलारी शरण के साथ साजिश की बातें भी कही जा रही हैं। परिजन के साथ ही अनेक साधु संत भी मामले की न्यायिक जांच की मांग कर रहे हैं।
वृंदावन जाने के बाद रसिक दुलारी शरण का परिवार से ज्यादा संपर्क नहीं रहा। उनकी मां लौंग बाई को इस बात का भी काफी दर्द है वे बेटे से अच्छे से बात भी नहीं कर सकीं थीं। पिता, बहन, भाई और जीजा भी रसिक दुलारी शरण की मौत का राज सामने लाने की बात कह रहे हैं। परिजनों का साफ कहना है कि वे कोई गलत कदम नहीं उठा सकते। मामले की न्यायिक जांच से दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
इधर वारदात के 13 वें दिन भी पुलिस रसिक दुलारी शरण की मौत की वजह पता नहीं कर सकी है। घटना के अब तक कई सीसीटीवी फुटेज आ चुके हैं पर इनसे जांच में ज्यादा मदद नहीं मिल रही है। परिजन, साधु संत और आमजन, रसिक दुलारी शरण की मौत की वजह जानना चाहते हैं। सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस का भी इसी पर पूरा फोकस है। रसिक दुलारी शरण आश्रम में दिनभर क्या करते थे, जांच अधिकारी यह पता लगा रहे हैं। किन लोगों से बातचीत करते थे, यह भी पता लगाया जा रहा है। वारदात से पहले क्या परिस्थितियां बन रहीं थीं, इसकी जांच की जा रही है। बयान लेने के लिए जांच अधिकारी रसिक दुलारी शरण के परिजन को भी दोबारा मथुरा बुला चुके हैं।