
Jabalpur Police Viral Video: मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था की कठिन जिम्मेदारी के बीच जबलपुर पुलिस पर इमेज चमकाने में ढोंग करवाने से आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो जो निगम क्षेत्र के महाराजपुर एरिया का बताया जा रहा है, उसने पुलिस की छवि को दागदार कर दिया है। वीडियो में दिख रहा है कि यहां शराब पकड़ने का वीडियो बनाने के लिए महिलाओं को लाकर एक्टिंग की ट्रेनिंग दी जा रही है। पुलिसकर्मी बकायदा निर्देशक की तरह पात्रों को लोकेशन और डायलाग बता रहा है। इतना ही नहीं ये भी कह रहा है कि एक्टिंग में किसी भी प्रकार की चूक न हो जिससे की सबकुछ असली लगे।
जबलपुर की अधारताल पुलिस ने अवैध रूप से शराब बेचने वाली एक महिला को पहले तो पकड़ा और फिर उसकी बोरी उठाई। बोरी को पुलिसकर्मी थोड़ी दूर लेकर गया और फिर महिला को पूरी स्क्रिप्ट समझाई कि वो कैसे दोबारा उसे पकड़ने आएगा और वीडियो बनाया जाएगा। महिला भी पुलिस के जाल में फंस गई थी, इसलिए उसने वैसा ही किया, जैसा हवलदार ने कहा। सोमवार को की गई कार्रवाई का वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ, तो पुलिस और उसकी कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग गया।
वीडियो अधारताल के करोंदा नाला के पास का है। जहां सोमवार दोपहर हवलदार सुग्रीव तिवारी एफआरवी में महिला आरक्षक व स्टाफ के साथ पहुंचे थे। वहां रहने वाली सुनीता बंशकार को पुलिस ने अवैध शराब के साथ पकड़ा और इसके बाद शुरू हुआ हवलवार सुग्रीव तिवारी का डायरेक्शन। वीडियो में दिख रहा है कि हवलदार सुग्रीव ने महिला को बताया कि तुम यहां खड़े रहना। हम आएंगे और कहेंगे अरे यह क्या रखा है। फिर मैडम को बुलाएंगे, मैडम बोरी को देखेंगीं, तो बोलेंगीं कि इसमें तो शराब है सफेद की..इसमें 20 पाव होंगें। इसके बाद जब हम पूछेंगे, तो कहना कि साहब ले आते हैं और बेचते हैं एक-एक करके। फिर इस महिला को बुला लेंगे, और हां हसंना मत..जैसे घर में हंसती हो।
अवैध शराब पकड़ने की कार्रवाई भले ही असली हो लेकिन इसके बाद पुलिसकर्मियों ने जिस तरह से अपनी छवि चमकाने के लिए वीडियो शूट कराया वो कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं, पुलिस की छवि दागदार हो रही है।