जबलपुर

वो हादसा नहीं था…जबलपुर में इंश्योरेंस के पैसों के लिए पत्नी की हत्या, पति ने 1 लाख में दे थी सुपारी

Pregnant Woman Murder Case: हत्या को बताया हादसा, हत्या करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पाटन के नुनसर चौकी का मामला।
2 min read
• •
Oct 02, 2026
Jabalpur Pregnant Woman Murder Case
pregnant woman murder case husband insurance money, मृतका कविता चौधरी की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source-Patrika)

Jabalpur Pregnant Woman Murder Case: मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक युवक ने इंश्योरेंस के पैसों के लालच में अपनी दो महीने की गर्भवती पत्नी की हत्या करा दी। पति ने 1 लाख रुपये में तीन लोगों को पत्नी की हत्या की सुपारी दी थी। आरोपियों ने लोडिंग वाहन से वारदात को अंजाम दिया जिससे कि हत्या हादसा लगे। लेकिन आरोपियों की पूरी प्लानिंग का पुलिस की तफ्तीश में पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी पति व उसका एक साथी अभी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

4 सितंबर को हुई थी हत्या

जबलपुर के पाटन में रहने वाली 24 वर्षीय कविता चौधरी दो महीने की गर्भवती थी, वो एलआईसी में काम करती थी। 4 सितंबर 2026 को अपनी एक्टिवा से जबलपुर की ओर जा रही थी। तभी रास्ते में एक लोडिंग वाहन ने उसे टक्कर मार दी, लोडिंग वाहन का पहिया कविता के सिर से गुजरा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआत में घटना एक्सीडेंट नजर आ रही थी, लेकिन बाद में पुलिस की जांच में मामला सोची समझी प्लानिंग के तहत की गई हत्या का निकला।

दो साल पहले की थी लव मैरिज

कविता नरसिंहपुर जिले की रहने वाली थी, उसकी पहचान साल 2022 में पाटन के रहने वाले प्रयास पांडे से हुई थी। प्रयास स्टाम्प वेंडर है, दोनों में प्यार हुआ और फिर साल 2024 में उन्होंने लव मैरिज कर ली। शादी के बाद पति प्रयास को पता चला कि कविता का इंश्योरेंस हैं और अगर सड़क हादसे में कविता की मौत होती है तो उसे लाखों रुपये मिलेंगे। इसके बाद प्रयास के मन में लालच आया और उसने पत्नी कविता की हत्या की साजिश रच डाली।

कविता चौधरी मर्डर केस, पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Source-Patrika)

दोस्त के साथ मिलकर की प्लानिंग

पति प्रयास अपने करीबी मान सिंह लोधी को पत्नी के इंश्योरेंस से मिलने वाले लाखों रुपये के बारे में बताया। इसके बाद दोनों ने मिलकर कविता की हत्या की प्लानिंग की। पाटन के चौधरी मोहल्ला में रहने वाले रामजी चौधरी, धनीराम चौधरी और विक्रम चौधरी को 1 लाख रुपये में कविता की हत्या की सुपारी दी। प्लानिंग के तहत तीनों आरोपियों ने एक लोडिंग वाहन 11 महीने के लिए एग्रीमेंट पर लिया।

प्लानिंग के तहत हत्या

4 सितंबर को जब कविता एक्टिवा लेकर घर से निकली तो रास्ते में प्रयास और मानसिंह ने आरोपियों को लोकेशन बताकर वारदात को अंजाम देने के लिए कहा। आरोपियों ने लोडिंग वाहन से पहले एक्टिवा को टक्कर मारी और फिर जानबूझकर कविता के सिर के ऊपर से वाहन चढ़ा दिया था और फरार हो गए थे। पुलिस ने सुपारी लेने वाले तीनों आरोपियों रामजी चौधरी, धनीराम चौधरी और विक्रम चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि आरोपी पति प्रयास पांडे व उसका दोस्त मानसिंह अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

Updated on:
02 Oct 2026 07:42 pm
Published on:
02 Oct 2026 07:12 pm