
Jabalpur Railway Station Fire: मध्यप्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर खड़े GM कोच में आग लगने से स्टेशन पर हड़कंप मच गया। जैसे ही कोच से आग की लपटें उठीं तो स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने रेलवे के अधिकारियों को सूचना दी, इसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और फायर बिग्रेड को सूचना दी। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कोच में लगी आग पर काबू पाया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने कोच में आग लगने की घटना के वीडियो अपने मोबाइल से बनाए हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
मंगलवार को जबलपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर-6 के पास बॉम्बे होटल की ओर बने वीआईपी गेट के नजदीक खड़े रेलवे के जीएम के कोच में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें कोच के अंदर से निकलकर ऊपर से गुजर रही ओएचई लाइन तक उठता देख रेलवे के अधिकारी-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात ये है कि कोच में लगी आग दूसरे कोचों तक नहीं फैली वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के वक्त कोच में कोई भी मौजूद नहीं था।
देखें वीडियो-
GM कोच में आग कैसे लगी फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि वाई-फाई सिस्टम को सपोर्ट करने वाली बैटरी में तकनीकी खराबी आने या शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी होगी। पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि कोच में आग लगने की घटना के कारणों की जांच के लिए एक टीम गठित की जा रही है। जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी। इसके साथ ही रेलवे अधिकारी आग से हुए नुकसान का आंकलन करने में भी जुट गए हैं।