
जबलपुर। सेल्फी का शौक सभी के सिर चढ़कर बोल रहा है। घर-परिवार में छोटा-मोटा कोई कार्यक्रम हो या दोस्त कई दिनों के बाद मिल रहे हों, मोबाइल पर क्लिक हो ही जाती है। पर यह शौक जानलेवा भी होता जा रहा है। खतरनाक जगहों पर फोटो क्लिक करने की कोशिश में हर कोई अपनी जान से खिलवाड़ करने लगता है। इस काम में बच्चे सबसे आगे रहते हैं। ऐसे ही बच्चे रेलवे स्टेशन परिसर में घूमते दिखे। शहर के दो बच्चे ट्रेन के सामने सेल्फी लेने की ख्वाहिश पूरी करने के लिए स्टेशन पर आ धमके थे। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार दोनों नाबालिग घर से बिना बताए मुख्य रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। आरपीएफ जवानों ने इन बच्चों को रेलवे ट्रेक से हटाया
ट्रेन देखने और सेल्फी लेने की थी चाहत
मुख्य रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के जवानों ने अपनी सक्रियता से वस्तुत: दो बच्चों की जिंदगी बचा ली। ये बच्चे ट्रेन के सामने खड़े होकर सेल्फी लेने आए थे। वे जैसे ही एक ट्रेन के सामने सेल्फी लेने के पोज में खड़े हुए तभी आरपीएफ के जवान वहां पहुंच गए। आरपीएफ जवानों ने इन बच्चों को रेलवे ट्रेक से हटाया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी। दोनों बच्चों ने पुलिस को अलग-अलग बात कहीं। एक बच्चे ने बताया कि वे घमापुर के रहने वाले हैं। उनकी ट्रेन देखने की इच्छा हुई थी इसलिए स्टेशन पर ट्रेन देखने आए हैं। इधर दूसरे बच्चे ने जो बात कही उससे हर कोई सन्न रह गया। उसने बताया कि वह ट्रेन के सामने खड़े होकर सेल्फी लेना चाहता था इसलिए यहां आए।
परिजनों को सौंपा
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार दोनों नाबालिग घर से बिना बताए मुख्य रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। दोनों बच्चों के परिजनों को फोन कर उनके स्टेशन पर सुरक्षित होने की जानकारी दी गई और उनके यहां आने पर बच्चों को उन्हें सौंप दिया गया।