जगदलपुर

1350 राशन कार्ड निरस्त, जगदलपुर में 5 हजार कार्डों का नवीनीकरण बाकी, 31 अगस्त तक मौका

Ration Card Renewal 2026: जगदलपुर में 1350 राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं, जबकि 5 हजार कार्डों का नवीनीकरण बाकी है। हितग्राही 31 अगस्त 2026 तक नवीनीकरण करा सकते हैं।
2 min read
• •
Aug 22, 2026
September October Ration
अगस्त का 20% चावल भी नहीं पहुंचा (Photo AI image)

Jagdalpur Ration Card: जगदलपुर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन कार्डों के नवीनीकरण और ई-केवाईसी की प्रक्रिया जारी है। इसके बावजूद करीब 5 हजार राशन कार्डों का अब तक नवीनीकरण नहीं कराया गया है। इनमें करीब 3 हजार एपीएल और 1 हजार बीपीएल कार्ड शामिल हैं। वहीं, पलायन, मृत्यु समेत अन्य कारणों से करीब 1350 राशन कार्ड निरस्त किए जा चुके हैं। नवीनीकरण से छूटे हितग्राहियों को अब प्रशासन ने राहत देते हुए प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी है।

पलायन और मृत्यु के कारण भी नहीं हुआ नवीनीकरण

खाद्य विभाग के अनुसार नवीनीकरण नहीं कराने वाले हितग्राहियों में कई ऐसे लोग हैं, जो रोजगार या अन्य कारणों से दूसरे स्थानों पर पलायन कर चुके हैं। कुछ राशन कार्डधारकों की मृत्यु हो चुकी है। इसके अलावा दूसरे प्रदेश में राशन लेने अथवा राशन कार्ड में किसी तरह की गड़बड़ी पाए जाने के मामलों में भी कार्ड निरस्त किए गए हैं।

विभाग की ओर से ऐसे सभी हितग्राहियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर राशन कार्ड का नवीनीकरण कराने की अपील की जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को राशन का लाभ मिलता रहे।

जिले में 2.06 लाख से अधिक राशन कार्ड

खाद्य विभाग के अनुसार जगदलपुर जिले में वर्तमान में करीब 2 लाख 6 हजार राशन कार्डधारक हैं। इनके माध्यम से 7 लाख 90 हजार से अधिक हितग्राहियों को रियायती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में राशन कार्ड पांच प्रमुख श्रेणियों में बनाए गए हैं।

इनमें अंत्योदय श्रेणी के 45,510, प्राथमिकता श्रेणी के 1,33,174, नि:शक्त श्रेणी के 63, निराश्रित श्रेणी के 460 और सामान्य श्रेणी के 17,160 राशन कार्ड शामिल हैं।

60 हजार से अधिक हितग्राहियों की ई-केवाईसी लंबित

राशन कार्ड नवीनीकरण के साथ ही ई-केवाईसी की प्रक्रिया भी जारी है। जिले में अब तक 60 हजार से अधिक हितग्राहियों की ई-केवाईसी लंबित है। विभाग की ओर से पिछले वर्ष से ई-केवाईसी की प्रक्रिया कराई जा रही है। खाद्य विभाग ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे 31 अगस्त 2026 तक राशन कार्ड का नवीनीकरण और लंबित ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में सरकारी राशन का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।

Updated on:
22 Aug 2026 02:38 pm
Published on:
22 Aug 2026 02:38 pm