जगदलपुर

बच्चों की एक तस्वीर पड़ सकती है भारी! AI से अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे साइबर अपराधी

Child Online Safety: सोशल मीडिया पर बच्चों की तस्वीरें साझा करना उनके लिए साइबर खतरा बन सकता है। साइबर अपराधी AI डीपफेक और फोटो मॉर्फिंग के जरिए अश्लील कंटेंट बनाकर ब्लैकमेल कर सकते हैं।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 8:35 AM IST
Jagdalpur News
बच्चों की तस्वीरों पर साइबर अपराधियों की नजर (Photo Source- Patrika)

Jagdalpur News: सोशल मीडिया पर बच्चे की मुस्कुराती तस्वीर पोस्ट करना अभिभावकों के लिए भले ही खुशी का पल हो, लेकिन यही तस्वीर साइबर अपराधियों के हाथ लगकर ब्लैकमेलिंग, फर्जी पहचान और अश्लील कंटेंट बनाने का जरिया भी बन सकती है। डिजिटल दुनिया में बच्चों की सुरक्षा का खतरा अब घर की चारदीवारी से निकलकर सोशल मीडिया तक पहुंच गया है।

साइबर अपराधी सामान्य तस्वीरों का इस्तेमाल कर साइबर मॉर्फिंग और एआई डीपफेक जैसी तकनीकों से आपत्तिजनक फोटो-वीडियो तैयार कर रहे हैं। इसे देखते हुए बस्तर पुलिस ने अभिभावकों को आगाह किया है कि लाइक्स और कमेंट्स की चाह में बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से समझौता न करें। पुलिस ने स्कूल यूनिफॉर्म, आईडी कार्ड, रोजाना आने-जाने के रास्ते और लाइव लोकेशन वाली तस्वीरें सार्वजनिक मंचों पर साझा नहीं करने की अपील की है।

Cyber Crime in Chhattisgarh: तस्वीरों से तैयार करते हैं फर्जी अश्लील कंटेंट

साइबर मॉर्फिंग में अपराधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम और फेसबुक से किसी बच्चे या व्यक्ति की तस्वीर डाउनलोड करते हैं। इसके बाद एडिटिंग टूल्स और एआई तकनीक की मदद से चेहरे को दूसरी अश्लील या फर्जी तस्वीरों और वीडियो में जोड़ दिया जाता है। कई बार तस्वीर इतनी वास्तविक दिखाई देती है कि सामान्य व्यक्ति के लिए असली और नकली में अंतर करना मुश्किल हो जाता है। इसके जरिए पीडि़त को बदनाम करने, डराने और ब्लैकमेल करने की कोशिश की जाती है।

बस्तर में भी सामने आ रहे साइबर अपराध

बस्तर में भी सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग से जुड़ी शिकायतें सामने आती रही हैं। एआई डीपफेक और वर्चुअल किडनैपिंग जैसे तरीकों से परिवारों को डराने तथा तस्वीरों के माध्यम से ब्लैकमेल करने का खतरा बढ़ा है। अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर संपर्क और निजी तस्वीरें साझा करना नाबालिगों के लिए गंभीर मुसीबत बन सकता है।

सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बस्तर के अनुसार किसी भी संदेहास्पद स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। बच्चों की तस्वीरों और निजी जानकारियों को सोशल मीडिया पर साझा करते समय विशेष सावधानी बरतें। अभिभावक बच्चों को भी ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। बस्तर पुलिस का प्रयास है कि सामूहिक सतर्कता से बच्चों के लिए सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार किया जा सके।

मदद के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क

चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 और आपातकालीन सहायता 112 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा cybercrime. gov. in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

बरतें ये सावधानियां

बच्चों की तस्वीरें पोस्ट करने से पहले प्राइवेसी सेटिंग जांचें। स्कूल यूनिफॉर्म और आईडी कार्ड वाली तस्वीरें सार्वजनिक न करें। लाइव लोकेशन और लोकेशन टैग बंद रखें। अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। संदिग्ध मैसेज, फोटो या वीडियो मिलने पर तुरंत रिपोर्ट करें।

यूनिफॉर्म व आईडी कार्ड से खुल जाती है पहचान

बच्चों की स्कूल यूनिफॉर्म, आईडी कार्ड और लोकेशन वाली तस्वीरें साझा करना भी जोखिम भरा है। इनसे अपराधियों को बच्चे के स्कूल, कक्षा, पहचान और आने-जाने के समय की जानकारी मिल सकती है। यही जानकारी आगे स्टॉकिंग, ऑनलाइन उत्पीडऩ और अन्य आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल हो सकती है।

Updated on:
17 Nov 2026, 8:35 AM IST
Published on: