
Bastar Dussehra: छत्तीसगढ़ के बस्तर में इस बार दशहरा समारोह को लेकर खास तैयारियाँ चल रही हैं। जानकारी के अनुसार, बस्तर दशहरा की प्रमुख प्रथा मुरिया दरबार में इस बार देश के गृहमंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन इस वर्ष और भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि केंद्र और राज्य सरकार ने मार्च 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे की डेडलाइन तय की है। इस दिशा में गृहमंत्री समय-समय पर बस्तर का दौरा कर बड़ी रणनीतिक तैयारियों और संदेशों को साझा करते रहे हैं।
बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष और सांसद महेश कश्यप ने बताया कि उन्होंने इस बार गृहमंत्री अमित शाह को दशहरा समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि इस बार के दशहरा आयोजन में केवल गृहमंत्री ही नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट के मंत्रीगण, सांसदगण और विधायकों की भी मौजूदगी रहने की संभावना है।
सांसद महेश कश्यप ने आगे बताया कि कुछ समय पूर्व बस्तर दशहरा समिति ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी विशेष रूप से आमंत्रण दिया था, ताकि इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। राजधानी रायपुर में आयोजित निमंत्रण कार्यक्रम में बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, उपाध्यक्ष बलराम मांझी, चालकी एवं अन्य समिति सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश कार्य समिति के सदस्य रमन चौहान, देवेंद्र कश्यप और शशांक श्रीवास्तव भी मौजूद थे।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर दशहरा केवल धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन ही नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक भी है। उन्होंने यह भी कहा कि गृहमंत्री और अन्य केंद्रीय एवं राज्य स्तर के गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी से बस्तर दशहरा की गरिमा और महत्व और बढ़ जाएगा।
इस बार दशहरा आयोजन में विशेष सुरक्षा इंतज़ाम, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न पावन रिवाजों का आयोजन किया जाएगा। बस्तर दशहरा की तैयारियों को लेकर समिति लगातार व्यवस्थाओं और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है।