Bastar Marathon: बस्तर में आज प्रदेश की सबसे लंबी 42 किमी मैराथन का आयोजन होगा, जो लालबाग से शुरू होकर चित्रकोट प्रपात पर समाप्त होगी।
Bastar Marathon: बदलते बस्तर में आज एक और इतिहास रच दिया जाएगा। बस्तर जिले में प्रदेश की सबसे लंबी मैराथन का आयोजन होने जा रहा है। लालबाग से शुरू होने वाली मैराथन चित्रकोट में पूरी होगी। 42 किमी की इस दौड़ का सबसे प्रमुख आकर्षक चित्रकोट का मोहक किनारा होगा। बस्तर में इन दिनों बदले मौसम और बारिश की स्थिति के बीच प्रपपात का सौंदर्य निखरा हुआ है।
पत्रिका की टीम जब शनिवार को प्रपात के करीब पहुंची तो पाया कि प्रपात के दो धार पूरी रफ्तार के साथ बह रहे हैं और मौके पर बड़ी संख्या में पर्यटक तस्वीरें ले रहे हैं। बस्तर में होने वाले ऐतिहासिक बस्तर हेरिटेज मैराथन से पहले यह कहा जा रहा था कि प्रपात सूख चुका है लेकिन ग्राउंड पर हकीकत कुछ और नजर आई। आज जब देश-विदेश और प्रदेश के धावक प्रपात किनारे पहुंचेंगे तो वहां उन्हें प्रपात का सौंदर्य आकर्षित करेगा। जिला प्रशासन ने भी इस मौके के लिए विशेष इंतेजाम और फोटो जोन तैयार किए हैं ताकि धावक प्रपात की सुंदरता और मैराथन की यादें अपने साथ ले जाएं।
बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने सभी प्रतिभागियों और विदेशी मेहमानों का स्वागत करते हुए अधिक से अधिक संख्या में दौड़ में शामिल होने की अपील की है। कलेक्टर ने कहा कि दौड़ इंद्रावती के किनारे से गुजरेगी तब यह सिर्फ एक दौड़ नहीं होगी, बल्कि बस्तर के शांतिपूर्ण, समृद्ध और नए भविष्य की ओर बढ़ते कदमों की कहानी कहलाएगी।
फुल मैराथन लालबाग से चित्रकोट तक 42 किमी, हाफ मैराथन 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी श्रेणियों में विभाजित है। धावकों के लिए 25 लाख तक के कैश प्राइज रखे गए हैं। साथ ही ओपन कैटेगरी के साथ बस्तर कैटेगरी भी रखी गई है, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय धावकों के साथ प्रतिस्पर्धा का अवसर मिल सके। खास बात यह है कि बस्तर जिले के स्थानीय धावकों के लिए पंजीयन निशुल्क रखा गया है।
दौड़ सुबह 7 बजे लालबाग से शुरू होगी। इससे पहले भी ईच्छुक धावक लालबाग में रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। हेल्पलाइन नंबर 92440-79533 के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। जिला प्रशासन का दावा है कि बस्तर हेरिटेज मैराथन में 8000 से अधिक धावक एक साथ दौड़ते नजर आएंगे। यह आयोजन सिर्फ खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बस्तर में बदलते हालात, शांति और विश्वास की नई तस्वीर पेश करेगा। इस मैराथन की सबसे प्रेरक झलक उन 200 से अधिक पुनर्वासित माओवादी कैडरों की होगी, जो कभी ङ्क्षहसा के रास्ते पर थे, लेकिन अब मुख्यधारा से जुड़कर समाज के साथ कदम से कदम मिलाने को तैयार हैं।
बस्तर हेरिटेज मैराथन की पूर्व संध्या पर प्री-इवेंट के तहत शनिवार शाम शहर में भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का नेतृत्व वन मंत्री केदार कश्यप ने किया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में कलेक्टर आकाश छिकारा मंत्री केदार कश्यप के साथ बाइक पर सवार थे।
वहीं पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, डीएफओ उत्तम गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। इसके साथ ही पुलिस विभाग के जवानों और शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। बाइक रैली का उद्देश्य बस्तर हेरिटेज मैराथन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करना रहा। पूरे शहर में निकली इस रैली के दौरान उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। अधिकारियों ने नागरिकों से दौड़ में शामिल होने अपील की।