जगदलपुर

बस्तर में प्लान-बी पर काम कर रहे राजनीतिक दल, सोशल मीडिया पर आरपार की लड़ाई

आचार संहिता लगते ही पार्टी की प्रचार प्रसार की गति धीमी न पड़ जाए इसलिए राजनैतिक दलों ने इसके लिए प्लान बी तैयार कर रखा है।
2 min read
Oct 08, 2018
cg election 2018
कांग्रेस यहां जीत के लिए लगाएगी एड़ी-चोटी का जोर, भाजपा सीट बचाने करेगी मशक्कत

जगदलपुर. आचार संहिता लगते ही पार्टी की प्रचार प्रसार की गति धीमी न पड़ जाए इसलिए राजनैतिक दलों ने इसके लिए प्लान बी तैयार कर रखा है। अब शहर के चौक-चौराहों, होर्डिंग्स व दीवारों पर नारे की जगह यह सब काम सोशल मीडिया में करने की रणनीति पर काम करेंगे।

इसके लिए प्रमुख राष्ट्रीय दल कांग्रेस व भाजपा ने तो वॉर रूम भी तैयार कर लिया है, जहां आइटी सेल के कार्यकर्ता पार्टी के प्रचार व विपक्षी पार्टियों को पटखनी देने के लिए लंबे समय से काम कर रही है। राजनैतिक पार्टियों की आइटी सेल प्रभारियों की माने तो पार्टी व प्रत्याशी की बात जनता तक पहुंचाने प्लान बी के तहत आचार संहिता के बाद सोशल प्लेटफार्मों का प्रयोग बढ़ जाएगा।

आप व जोगी भी किसी से कम नहीं
बस्तर में आम आदमी पार्टी के कोई बड़ा चेहरा, और पार्टी फंड नहीं होने के चलते सोशल मीडिया शुरू से ही लोगों तक पहुंचने के लिए अहम रोल निभाया हैं। हर कार्यक्रम का चाहे फेसबुक लाइव हो या, पोस्ट कर लोगों तक पहुंच बनाने की कोशिश में रहते हैं। वहीं जकांछ भी इसी प्लेटफार्म का लगातार उपयोग करती रही है।

भाजपा व कांग्रेस का तैयार है वॉर रूम
बस्तर संभाग में भले ही नेटवर्क का जाल महानगरों की तरह न बिछा हो, लेकिन सरकार की योजना और सस्ते टैरिफ के बाद अधिकतर गांव के लोगों के पास स्मार्ट फोन पहुंच चुका है। इसी पहुंच को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस ने वॉर रूम भी तैयार कर लिए हैं।

भाजपा आइटी सेल के पंकज आचार्य ने कहा कि पार्टी लंबे समय से सोशल मीडिया प्लेटफार्म में काम कर रही है। हां पार्टी बैठक में रणनीति जरूर बनी है कि पार्टी के प्रचार प्रसार को आचार संहिता के दौरान तेज किया जाए। इसके लिए टीम तैयार भी है।

कांग्रेस आइटी सेल के योगेश पानीग्राही ने कहा कि आचार संहिता के बाद सोशल मीडिया में अभियान तेज किया जाए। इसके लिए टीम तैयार है। आगामी दिनों में भाजपा के झूठे वादों को बेनकाब किया जाएगा।

बस्तर कलक्टर अय्याज तंबोली ने कहा कि सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है। आचार संहिता का उल्लंघन होता है, ऐसी पोस्ट की पहचार कर उन लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
08 Oct 2018 05:35 pm